अंकिता भंडारी हत्याकांड: 27 अक्टूबर को गैरसैंण में कांग्रेस का महा-प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा
कांग्रेस उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी।

हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में आयोजित की प्रेसवार्ता। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड की जनता के सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष तेज करेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने शनिवार को देहरादून में कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और कथित वीआइपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और पलायन जैसे मुद्दों पर भी भाजपा सरकार जवाबदेही से बच रही है। कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा के घेराव सहित आगामी कार्यक्रमों की घोषणा की।
वीआइपी की भूमिका को लेकर उठाए सवाल
हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में सैलजा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल एक बेटी को न्याय दिलाने का मामला नहीं, बल्कि प्रदेश की अस्मिता और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।
परिवार की ओर से कथित वीआइपी की भूमिका को लेकर उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि प्रकरण से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब मिलना जरूरी है।
सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने 14 अक्टूबर को अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर उनकी न्याय की लड़ाई को समर्थन दिया। राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
भूमि सौदों और खनन पर भी उठाए सवाल
प्रदेश में भूमि संबंधी सौदों, सरकारी ठेकों और खनन गतिविधियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सैलजा ने निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों और सार्वजनिक धन का इस्तेमाल जनहित में होना चाहिए। कांग्रेस ने बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच और श्रद्धालुओं के धन का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई।
भर्ती घोटालों और पलायन पर सरकार को घेरा
सैलजा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भरोसा प्रभावित हुआ है। वहीं, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन जारी है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े खर्चों और योजनाओं में कथित अनियमितताओं की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोपों की सत्यता जांच के बाद तय होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
ये होंगे कांग्रेस के आगामी कार्यक्रम
कांग्रेस की ओर से घोषित कार्यक्रमों के अनुसार, 22 से 25 अक्टूबर तक प्रदेशभर में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा का घेराव कर अंकिता प्रकरण समेत जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे। एक नवंबर को दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के विरोध में प्रस्तावित रैली में प्रदेश के कांग्रेसजन भाग लेंगे।
चार नवंबर को भूमि नीतियों और प्रदेश के संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
