विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड कांग्रेस में सुलह की कोशिशें तेज, हरीश रावत ने की पहल; तीन नेताओं से की बात

Published: Wed, 08 Apr 2026 11:21 AM (IST)

उत्तराखंड कांग्रेस में मचे घमासान को सुलझाने के प्रयास तेज हो गए हैं। कुमारी सैलजा के दौरे से पहले पार्टी में सुलह की कोशिशें जारी हैं।

वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत। फाइल फाेटो

वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत। फाइल फाेटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत यानी हरदा के अर्जित अवकाश के बाद से कांग्रेस में मचे घमासान को थामने के दृष्टिगत अब सुलह की कोशिशें तेज हो गई हैं।

इस कड़ी में मंगलवार को दिनभर ही मेल-मुलाकात के साथ ही गिले-शिकवे दूर करने का दौर चला। स्वयं हरदा ने भी इसकी पहल की है। उन्होंने मंगलवार को प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह से मुलाकात की तो नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से फोन पर बातचीत कर वर्तमान में उठे विषयों का समाधान निकालने का आग्रह किया।

हरीश रावत के अर्जित अवकाश पर जाने और फिर इसे लेकर पार्टी नेताओं के बीच चली जबानी जंग से कांग्रेस की धड़ेबाजी खुलकर सामने आ गई थी। ऐसे में वर्ष 2017 से राज्य में राजनीतिक वनवास झेल रही कांग्रेस ने पिछले तीन-चार माह में जो टेंपो बनाने का प्रयास किया था, वह इस विवाद की भेंट चढ़ गया।

संजय नेगी को कांग्रेस में नहीं मिल पाई एंट्री

असल, में विवाद तब गहराया, जब रामनगर के एक नेता संजय नेगी को कांग्रेस में एंट्री नहीं मिल पाई। इससे नाराज हरदा बताए जा रहे हरदा ने 15 दिन के अर्जित अवकाश की घोषणा कर दी। यद्यपि, इस दौरान वह इंटरनेट मीडिया में सक्रिय रहने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होते रहे।

अब जबकि बुधवार से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा राज्य के पांच दिवसीय दौरे पर आने वाली हैं तो इससे पहले इस विवाद को थामने के प्रयास तेज हुए हैं।

बीते दिवस नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हरदा से उनके आवास पर भेंट की थी। मंगलवार को हरदा ने भी पहल करते हुए सबसे पहले कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के यमुना कालोनी स्थित निवास पर जाकर उनसे बदली परिस्थितियों के दृष्टिगत चर्चा की। साथ ही नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से भी फोन पर बातचीत कर गिले-शिकवे दूर करने का प्रयास किया।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के अनुसार कांग्रेस नेताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने यही बात रखी कि वर्तमान में जो बातें उठ रही हैं, उसका समाधान निकाला जाए। फिर चाहे वह संजय नेगी का विषय हो अथवा अन्य। उधर, शाम को पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, रामनगर के संजय नेगी समेत अन्य नेताओं ने भी हरदा से मुलाकात की।

यह भी पढ़ें- पूर्व CM हरीश रावत का कांग्रेस नेतृत्व को संदेश, बोले- मैं वो बूढ़ा जो गलत होने पर खासूंगा ही

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: मान-मनौव्वल की कवायद शुरू, सैलजा से मिलेंगे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत