मुख्यमंत्री धामी ने मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने को बताया प्राथमिकता, 18 व्यक्तियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने वन्यजीव सप्ताह-2026 का ...और पढ़ें
-1790872614699_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष ने एक नए संकट का रूप ले लिया है। पर्वतीय व ग्रामीण क्षेत्रों में यह संघर्ष जनजीवन की आम गतिविधियों पर भी प्रभाव डाल ही रहा है, जीवन संकट का कारण भी बन गया है।
इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने वन्यजीवों के साथ संघर्ष में साहस का परिचय देकर अपना एवं अन्य का जीवन बचाने वाले 18 व्यक्तियों को सम्मानित किया और सभी को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को एफआरआइ कैंपस में वन्यजीव सप्ताह-2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, घने जंगल, नदियों, झीलों और समृद्ध जैव विविधता से है। वन्यजीव हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं।
सरकार का संकल्प है कि वन्यजीवों के जंगल सुरक्षित रहें और उनके आवागमन के रास्ते खुले रहें। विकास परियोजनाओं के साथ वन्यजीवों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इको-टूरिज्म, होमस्टे और वन्यजीव पर्यटन के माध्यम से जंगलों के आसपास रहने वाले लोगों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक लाख युवाओं को ‘सीएम यंग ईको-प्रिन्योर’ बनाने की दिशा में कार्य चल रहा है। नेचर गाइड, ड्रोन पायलट और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी जैसे क्षेत्रों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्नो लेपर्ड पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कार्बेट-राजाजी में स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के पुनर्स्थापन की परियोजना का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। दोनों टाइगर रिजर्व में स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के गठन की दिशा में भी निर्णय लिया गया है। जंगलों की निगरानी प्रणाली मजबूत की जा रही है। वन्यजीव हमले में मृत्यु पर अनुग्रह राशि छह लाख से बढ़ाकर 10 लाख व घायलों के उपचार का खर्च भी राज्य सरकार वहन कर रही है।
सीएम की पर्यटकों से स्वच्छता की अपील
मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से जंगल सफारी, राष्ट्रीय उद्यान और धार्मिक स्थलों पर गंदगी व प्लास्टिक न फैलाने तथा वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।कार्यक्रम मुख्यमंत्री ने वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी और विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। इस मौके पर वन मंत्री सुबोध उनियाल मौजूद रहे।
