विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में मजबूत होंगे 1200 पुराने पुल, लोक निर्माण विभाग ने बनाया मास्टर प्लान

Published: Fri, 24 Jul 2026 05:56 AM (IST)

उत्तराखंड में लोक निर्माण विभाग ने 2026-31 के मास्टर प्लान में 1,200 पुराने पुलों को आपदा-रोधी बनाने की रणनीति तैयार की है। 

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. 1,200 पुराने पुलों को आपदा-रोधी बनाया जाएगा।

  2. 349 पुल क्लास-ए लोडिंग मानकों पर अपग्रेड होंगे।

  3. एडीबी की मदद से 235 पुलों का आधुनिकीकरण।

अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के दौरान सड़कें बंद होना आम बात है, लेकिन सबसे बड़ा संकट तब पैदा होता है जब कोई पुल क्षतिग्रस्त हो जाता है। पुल टूटने पर पूरा गांव, घाटी या सीमांत क्षेत्र मुख्यधारा से कट जाता है। राहत एवं बचाव कार्य, मरीजों की आवाजाही, स्कूल, बाजार और सेना तक की आपूर्ति प्रभावित होती है। अब चुनौती सिर्फ नए पुल बनाने की नहीं, बल्कि मौजूदा पुलों को इतना मजबूत बनाने की है कि वे प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर सकें।

लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2026-31 के मास्टर प्लान में पहली बार पुलों को आपदा-रोधी बनाने की रणनीति तैयार की है। राज्य में कुल 3,559 पुल हैं, जिनमें 345 राष्ट्रीय राजमार्गों और 3,214 राज्य सरकार के अधीन हैं। इनमें 2,009 मोटर पुल और 1,205 पैदल पुल शामिल हैं। सबसे अधिक पुल चमोली (410), पौड़ी (391), अल्मोड़ा (345) और उत्तरकाशी (332) में हैं, जो मानसून में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।

राज्य के 1,200 पुल आज भी क्लास-बी लोडिंग मानकों पर बने हैं। इनमें 113 राष्ट्रीय राजमार्गों और 1,087 राज्य सड़कों पर हैं। इनका निर्माण उस समय हुआ था, जब भारी ट्रक, मल्टी-एक्सल वाहन और आधुनिक मशीनरी का दबाव नहीं था। सबसे अधिक पुराने पुल चमोली (159), पौड़ी (139), अल्मोड़ा (123), पिथौरागढ़ (116) और टिहरी (112) में हैं। यानी जहां आपदा का खतरा सबसे अधिक है, वहीं सबसे अधिक पुराने पुल भी हैं।

इसी जोखिम को कम करने के लिए पहले चरण में 104 राज्य राजमार्गों पर स्थित 349 पुलों को क्लास-ए लोडिंग मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया जाएगा। लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक इन पुलों पर भारी वाहनों व राहत सामग्री की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा एशियाई विकास बैंक की सहायता से 235 पुलों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इनमें क्लास-70आर क्षमता, भूकंपरोधी डिजाइन और बाढ़ सुरक्षा जैसे आधुनिक मानक अपनाए जाएंगे।

91 असुरक्षित पुलों में 76 की हो चुकी मरम्मत

वर्ष 2022 में कराए गए सर्वे में 91 पुल असुरक्षित पाए गए थे। इनमें से 76 पुलों की मरम्मत और रेट्रोफिटिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 15 पुलों का पुनर्निर्माण मार्च, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

वहीं, सीमांत क्षेत्रों के 30 स्थानों पर अब भी लोग मैनुअल ट्राली से नदी पार करते हैं। इनमें आठ पुल अभी निर्माणाधीन हैं व 15 पुलों की डीपीआर तैयार की जा रही है, ताकि वर्ष 2028 तक अधिकांश ट्रॉलियों की जगह स्थायी पुल बन सकें।

नए पुल बनाना पर्याप्त नहीं, अनिवार्य हो स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट

उत्तराखंड में पुलों को सबसे बड़ा खतरा केवल तेज बहाव से नहीं, बल्कि नदी तल के कटाव, मलबे के दबाव, नदी का मार्ग बदलने और समय पर रखरखाव की कमी से होता है। इसलिए केवल नए पुल बनाना पर्याप्त नहीं होगा।

सभी 3,559 पुलों का डिजिटल हेल्थ कार्ड, मानसून से पहले अनिवार्य स्ट्रक्चरल सेफ्टी आडिट, पुराने 1,200 पुलों का समयबद्ध उन्नयन, संवेदनशील पुलों पर सेंसर आधारित निगरानी, नदी कटाव पर नियंत्रण और आपदा संभावित जिलों में बेली ब्रिज जैसी वैकल्पिक व्यवस्था भविष्य की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 112 से जुड़ेंगी सभी आपातकालीन हेल्पलाइन, सड़क हादसों में त्वरित मिलेगी राहत

उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आपदा के समय जीवनरेखा हैं। यदि पुलों को लेकर बना मास्टर प्लान तय समय में लागू होता है तो हर मानसून में संपर्क टूटने का खतरा कम होगा और पहाड़ की सुरक्षा भी मजबूत होगी।


‘राज्य में पहले चरण में 349 पुलों को क्लास-ए लोडिंग मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया जाएगा। एडीबी की सहायता से 235 पुलों को आधुनिक मानकों के अनुसार विकसित किया जा रहा है, जिससे उनकी भार क्षमता और आपदा सहनशीलता दोनों बढ़ेंगी।’

                                                        राजेश शर्मा, चीफ इंजीनियर, लोक निर्माण विभाग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।