उत्तराखंड में 112 से जुड़ेंगी सभी आपातकालीन हेल्पलाइन, सड़क हादसों में त्वरित मिलेगी राहत
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने उत्तराखंड में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित उपचार के लिए सभी आपातकालीन हेल्पलाइन को 112 से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

सचिवालय में गुरुवार को सड़क सुरक्षा के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन
HighLights
सभी आपातकालीन हेल्पलाइन 112 से एकीकृत होंगी।
पुलिस, फायर, मेडिकल सहायता एक प्लेटफॉर्म पर मिलेगी।
एंबुलेंस में जीपीएस, वीएलटीडी उपकरण अनिवार्य होंगे।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड में आपातकालीन सेवाओं को एकीकृत करने की दिशा में तेजी लाई जाएगी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी आपातकालीन हेल्पलाइन को तकनीकी और परिचालन स्तर पर हेल्पलाइन 112 से जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस, फायर और मेडिकल सहायता एक ही प्लेटफॉर्म से तत्काल उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का निर्धारित समयसीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सचिवालय में गुरुवार को आयोजित समन्वय बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि हेल्पलाइन 112 को इस प्रकार विकसित किया जाए कि मेडिकल, फायर या पुलिस सहायता के लिए आने वाली काल संबंधित विभाग तक बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के स्वतः पहुंच जाए।
इससे दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में राहत कार्य में लगने वाला समय कम होगा और पीड़ितों को शीघ्र सहायता मिल सकेगी। उन्होंने गुड सेमेरिटन शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने के लिए राज्य स्तर पर महानिदेशक स्वास्थ्य तथा जिला स्तर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित कर उसका कार्यवृत्त पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।
मुख्य सचिव ने सभी सरकारी और निजी एंबुलेंसों में एआईएस-125 मानकों का पालन तथा जीपीएस और वीएलटीडी उपकरण अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए। इन वाहनों की निगरानी भी हेल्पलाइन 112 से रियल टाइम में जोड़ने को कहा गया।
बैठक में राज्य स्तरीय ट्रॉमा रजिस्ट्री विकसित करने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग को सौंपी गई। निर्देश दिए गए कि सभी सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों को इससे जोड़ा जाए तथा राष्ट्रीय ट्रामा रजिस्ट्री से भी इसका एकीकरण किया जाए।
मुख्य सचिव ने पीएम-राहत योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। बैठक में सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, अपर सचिव विनीत कुमार, रोहित मीणा, तृप्ति भट्ट व अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- देहरादून में मूसलधार बारिश से आफत: सड़कें बनीं तालाब, उफनते रपटों पर थमी वाहनों की रफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।