विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में जहां अब तक नहीं खिला कमल, वहां दिग्गज सेनापतियों की तलाश

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:14 AM (IST)

भाजपा ने उत्तराखंड में उन विधानसभा सीटों पर विशेष रणनीति बनानी शुरू की है, जहां पार्टी अब तक जीत नहीं पाई है या लंबे समय से हार रही है। 

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। मिशन 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा ने उन विधानसभा सीटों पर विशेष रणनीति बनानी शुरू कर दी है, जहां पार्टी अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है या लंबे समय से उसे जीत का इंतजार है। इन सीटों पर चुनावी समीकरण बदलने के लिए पार्टी बड़े और प्रभावशाली चेहरों को मैदान में उतारने की संभावनाएं तलाश रही है।

प्रदेश में चकराता, धारचूला, मंगलौर और पिरान कलियर ऐसी सीटें हैं, जहां राज्य गठन के बाद से भाजपा जीत दर्ज नहीं कर पाई है। वहीं भगवानपुर में पार्टी को वर्ष 2002 में पहली और अब तक की एकमात्र जीत मिली थी। हल्द्वानी में भी वर्ष 2007 के बाद से भाजपा जीत हासिल नहीं कर सकी है।

बदले सामाजिक समीकरण बने चुनौती

चकराता में कांग्रेस के प्रीतम सिंह का लंबे समय से प्रभाव रहा है, जबकि धारचूला में हरीश धामी लगातार चुनाव जीत रहे हैं। हरिद्वार जिले की मंगलौर और पिरान कलियर सीटों पर सामाजिक और जनसांख्यिकीय समीकरण चुनावी नतीजों को प्रभावित करते रहे हैं।

भाजपा इन क्षेत्रों में बदलती मतदाता संरचना और मतदान के रुझान का आकलन कर रही है। पार्टी की रणनीति इस बार केवल पुराने चुनावी समीकरणों पर निर्भर रहने के बजाय मतदाताओं की नब्ज समझकर प्रत्याशी तय करने की है। मंगलौर, पिरान कलियर व भगवानपुर में इस रणनीति पर विशेष मंथन किया जा रहा है।

स्थानीय पकड़ और प्रभाव वाले चेहरों पर नजर

पार्टी की तलाश ऐसे नेताओं की है, जिनकी संबंधित विधानसभा क्षेत्र में मजबूत पकड़ और सामाजिक प्रभाव हो। इसके लिए पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी और चुनावी अनुभव रखने वाले नेताओं के नामों पर मंथन किया जा रहा है। प्रत्याशी चयन में स्थानीय नेतृत्व, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संगठन की स्थिति को भी कसौटी बनाया जा रहा है।

भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर तैयारी शुरू कर दी है। जिन सीटों पर पिछले चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था, उन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य हर सीट पर जीतने की क्षमता रखने वाले चेहरे को आगे करना है। अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व और संसदीय बोर्ड करेगा। - महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

चुनौती बनी सीटें

  • चकराता: राज्य गठन के बाद से भाजपा को जीत नहीं मिली। प्रीतम सिंह वर्ष 2002 से लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं।
  • धारचूला: वर्ष 2002 और 2007 में निर्दलीय प्रत्याशी जीते, वर्ष 2012 से कांग्रेस का कब्जा।
  • पिरान कलियर: वर्ष 2012 से कांग्रेस के फुरकान अहमद लगातार विधायक।
  • मंगलौर: वर्ष 2002, 2007 और 2012 में बसपा, 2017 में कांग्रेस, वर्ष 2022 में बसपा और 2024 उपचुनाव में कांग्रेस विजयी।
  • भगवानपुर: भाजपा ने वर्ष 2002 में जीत दर्ज की थी, इसके बाद से जीत का इंतजार।
  • हल्द्वानी: वर्ष 2007 में भाजपा की जीत के बाद से कांग्रेस का कब्जा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड परिवहन विभाग में विधानसभा चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर तबादले, तीन RTO और नौ ARTO सहित 75 इधर से उधर

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मिशन 2027 की तैयारी तेज, तीसरी जीत के लिए भाजपा अपना रही हरियाणा-दिल्ली मॉडल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।