चुनाव से ठीक पहले भाजपा के हुए निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा, आप पार्टी के उपाध्यक्ष भी शामिल
निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा अब विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ ही भाजपा ने जहां विधायकों को पार्टी में शामिल कराने के मामले में हैट्रिक पूरी की, वहीं कांग्रेस को झटका दिया है।
पूर्व में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रह चुके विधायक राम सिंह कैड़ा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भीमताल सीट से निर्दलीय ताल ठोकी और जीत दर्ज की। पिछले कुछ समय से उनकी भाजपा से नजदीकियां बनी हुई थीं। हालांकि, तब वह भाजपा में शामिल नहीं हुए, लेकिन उन्होंने पार्टी की एसोसिएट सदस्यता ले ली थी।
इस बीच पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार और धनोल्टी के निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने भाजपा का दामन थामा तो तब से ही चर्चा चल रही थी कि अब कैड़ा भी पार्टी में शामिल होंगे। हालांकि, विधायक कैड़ा को पार्टी में लेने के मामले में स्थानीय स्तर पर विरोध के सुर भी उठे थे। हाल में कैड़ा की भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से देहरादून में हुई करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद उनके पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की राह आसान हुई।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद विधायक कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुआई में राज्य का तेजी से विकास हो रहा है। कैड़ा ने कहा कि उन्होंने हमेशा विकास की सोच को आगे बढ़ाया और भाजपा भी यही करती है। इसी के दृष्टिगत उन्होंने पूर्व में भाजपा सरकार को समर्थन दिया था। भाजपा सही मायने में पहाड़ के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। इस सबसे प्रभावित होकर ही उन्होंने विधिवत रूप से भाजपा की सदस्यता ली है।
आप के प्रदेश उपाध्यक्ष कपरवान भी भाजपा में शामिल
चमोली जिले के नेता और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कपरवान ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। शुक्रवार को देहरादून में प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य एवं पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष नरेश बंसल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा देवेंद्र भसीन, प्रवक्ता विनय गोयल, कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट आदि मौजूद थे। संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।