उत्तराखंड में हर सदी में जमा हो रही 8.1 तीव्रता के भूकंप जितनी ऊर्जा, अध्ययन में खुलासा
उत्तराखंड हिमालय के नीचे हर 100 साल में 8.1 तीव्रता के भूकंप के बराबर ऊर्जा जमा हो रही है, जैसा ...और पढ़ें

HighLights
उत्तराखंड में हर 100 साल में 8.1 तीव्रता की ऊर्जा जमा।
तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के अध्ययन में सामने आई यह स्थिति।
मुख्य हिमालयी थ्रस्ट पर तनाव लगातार बढ़ रहा है।
सुमन सेमवाल, देहरादून। उत्तराखंड हिमालय के नीचे हर 100 साल में 8.1 तीव्रता के भूकंप के बराबर ऊर्जा जमा होने का अनुमान विज्ञानियों ने लगाया है। इस अध्ययन को 02 अक्टूबर को यूरोपीय भूविज्ञान संघ ने शोध सार के रूप में आनलाइन प्रकाशित किया है।
अध्ययन के अनुसार, भारतीय प्लेट और हिमालय के बीच स्थित मुख्य हिमालयी थ्रस्ट का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध है। इससे प्लेटों की गति के कारण पैदा होने वाला तनाव लगातार जमा हो रहा है। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि हर 100 साल में भूकंप आना तय है।
तमिलनाडु केंद्रीय विवि के शोधकर्ता दिब्यशक्ति पांडा और उनके सहयोगियों ने उपग्रह स्थिति निर्धारण प्रणाली तथा रडार उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसमें मुख्य हिमालयी थ्रस्ट पर हर साल लगभग 18 मिलीमीटर का खिसकाव-अंतर सामने आया। इसका अर्थ है कि प्लेटों की अपेक्षित गति और भ्रंश पर वास्तविक खिसकाव के बीच अंतर बना हुआ है।
115 किलोमीटर चौड़ा क्षेत्र अवरुद्ध
शोध के अनुसार, मुख्य हिमालयी थ्रस्ट लगभग 115 किलोमीटर की चौड़ाई तक अवरुद्ध है। उपग्रह रडार आंकड़ों में जमीन का अधिकतम ऊर्ध्वाधर उठाव भी प्रति वर्ष चार से छह मिलीमीटर दर्ज किया गया। विज्ञानियों ने इन आंकड़ों के आधार पर भूगर्भीय माडल तैयार किया।
परिणामों से उत्तराखंड हिमालय के नीचे प्लेटों के बीच मजबूत जुड़ाव और तनाव जमा होने के संकेत मिले। अध्ययन में जमा भूकंपीय ऊर्जा की तुलना हर 100 साल में 8.1 तीव्रता के एक बड़े भूकंप से की गई है।
हालांकि, यह ऊर्जा संचय का अनुमान है, भूकंप आने की समय-सारिणी नहीं। विज्ञानियों ने यह दावा नहीं किया है कि अगला बड़ा भूकंप कब आएगा या उसकी तीव्रता निश्चित रूप से कितनी होगी।
उत्तराखंड में बड़े भूकंप का इतिहास
| वर्ष | भूकंप | तीव्रता (मैग्नीट्यूड) |
| 1803 | गढ़वाल भूकंप | 7.8 |
| 1991 | उत्तरकाशी भूकंप | 6.8 |
| 1999 | चमोली भूकंप | 6.4 |
यह भी पढ़ें- पनामा में फिर आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर 6 की तीव्रता
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में भूकंप निगरानी के लिए बनेंगी 8 नई वेधशालाएं, आपदा प्रबंधन होगा मजबूत
