पांच दशक से अटके तीन हाईड्रो प्रोजेक्ट को मिली वन मंजूरी, उत्तराखंड को सालाना मिलेगी 886.17 मिलियन यूनिट बिजली
उत्तराखंड की तीन जलविद्युत परियोजनाओं, तांकुल, सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ और त्यूणी प्लासू को महत्वपूर्ण वन स्वीकृतियां मिल गई हैं, जिससे 204 मेगावाट क्षमता का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड की तीन जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड की 204 मेगावाट क्षमता की तांकुल, सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ और त्यूणी प्लासू परियोजनाओं को महत्वपूर्ण स्वीकृतियां मिल गई हैं।
इनमें 12 मेगावाट की तांकुल परियोजना को अंतिम वन स्वीकृति के साथ सार्वजनिक निवेश बोर्ड का अनुमोदन मिल गया है, जबकि 120 मेगावाट की सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ और 72 मेगावाट की त्यूणी प्लासू को अंतिम वन स्वीकृति मिली है।
2004 में यूजेवीएनएल को आवंटित हुई थी सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़
इन परियोजनाओं का इंतजार वर्षों पुराना है। त्यूणी प्लासू की शुरुआत वर्ष 1971-72 में हुई थी। पांच दशक से अधिक समय बाद इसे अंतिम वन मंजूरी मिली है। वहीं, सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ वर्ष 2004 में यूजेवीएनएल को आवंटित हुई थी। करीब 22 साल बाद इसे यह स्वीकृति मिली है। तांकुल की वन स्वीकृति प्रक्रिया वर्ष 2019 से चल रही थी।
तीनों परियोजनाओं से सालाना करीब 886.17 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। इसमें तांकुल से 58.54, सिरकारी भ्योल रुपसियाबगड़ से 529.12 और त्यूणी प्लासु से 298.51 मिलियन यूनिट बिजली मिलेगी। इससे राज्य की उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ विशेषकर पिथौरागढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में विद्युत ग्रिड मजबूत होगा और पीक डिमांड के दौरान बिजली उपलब्धता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह के अनुसार अब तीनों परियोजनाओं के मुख्य सिविल कार्यों के आवंटन और निर्माण शुरू करने की दिशा में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। परियोजनाओं से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड को मिला छोटी जलविद्युत परियोजनाओं का बड़ा पैकैज, 62 मेगावाट की चार नए प्रोजेक्ट बढ़ाएंगे रोजगार
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड की भूस्खलन विशेषज्ञता को दूसरे राज्यों में मिली पहचान, यूपी की जलविद्युत परियोजना को खतरे से बचाया