उत्तराखंड के चार जिलों के बाशिंदों को जाम से मिलेगा छुटकारा, तैनात होंगे 128 नए सीपीयू कर्मी
पुलिस मुख्यालय ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 128 सीपीयू कर्मियों की तैनाती को मंजूरी दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सोबन सिंह गुसांई, देहरादून। प्रदेश के प्रमुख शहरों में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस महकमे ने बड़ी तैयारी की है। ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और सड़कों पर वाहनों के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए चार जिलों में 128 पुलिसकर्मियों की सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) में तैनाती की जाएगी।
देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले में इन पुलिसकर्मियों को प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने प्रतिनियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही चयनित कर्मियों को नई जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया शुरू होगी।
वाहनों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि
प्रदेश में तेजी से बढ़ते शहरीकरण और वाहनों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि के चलते यातायात प्रबंधन पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर और काशीपुर जैसे शहरों में व्यस्त समय के दौरान जाम की समस्या आम है।
प्रमुख चौराहों पर वाहनों का दबाव, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, यातायात नियमों का उल्लंघन और बेतरतीब तरीके से वाहन चलाने के कारण कई बार यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे में सीपीयू की संख्या बढ़ाकर सड़क पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी की गई है।
इसके लिए यातायात निदेशालय की ओर से सितंबर माह में प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस बार चयन प्रक्रिया में एक नई पहल भी की गई। सीपीयू में प्रतिनियुक्ति के इच्छुक पुलिसकर्मियों की योग्यता और कार्यक्षमता परखने के लिए पहली बार टेस्ट आयोजित किए गए।
इससे पहले इस तरह की व्यवस्था नहीं थी। टेस्ट के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि सीपीयू जैसे विशेष कार्यक्षेत्र में उन्हीं पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी मिले, जो यातायात प्रबंधन और सड़क पर प्रभावी पुलिसिंग के लिहाज से उपयुक्त हों।
चालान के साथ यातायात प्रबंधन भी होगी जिम्मेदारी
सीपीयू कर्मियों की जिम्मेदारी केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करने तक सीमित नहीं होगी। सड़क पर यातायात अनुशासन बनाए रखना, जाम की स्थिति नियंत्रित करना, दुर्घटनाओं की रोकथाम, नियमों का पालन कराना और जरूरत पड़ने पर आमजन की सहायता करना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।
128 नए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति से प्रदेश के चार प्रमुख जिलों में सीपीयू की कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद है। खासकर उन मार्गों और चौराहों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जा सकेगी, जहां प्रतिदिन वाहनों का अधिक दबाव रहता है।
सीपीयू में जवानों की संख्या बढ़ाने के लिए सितंबर माह में इंटरव्यू लिया गया था। इसे अप्रुवल के लिए पुलिस मुख्यालय को भेजा था। मुख्यालय की मंजूरी मिलने के बाद अब चार जिलों में कुल 128 कर्मियों की तैनाती की जाएगी। संबंधित जिलों में जरूरत और यातायात के दबाव के अनुसार इनकी तैनाती की जाएगी। - कृष्ण कुमार वीके, निदेशक यातायात
यह भी पढ़ें- देहरादून में जाम का झाम, 40 मिनट में तय हो रहा 10 मिनट का सफर... इन पॉश कालोनियोंं के लिए बना सिरदर्द
यह भी पढ़ें- कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।