उत्तराखंड प्रीमियर लीग का शानदार आगाज़ देहरादून और मसूरी की महिला टीमों ने दर्ज की जीत वाणी कपूर ने भी बिखेरा जलवा
उत्तराखंड प्रीमियर लीग के तीसरे सीज़न का देहरादून में भव्य आगाज़ हुआ, जिसमें महिला वर्ग के उद्घाटन मुकाबलों में देहरादून ...और पढ़ें
-1790015210684_m.webp)
देहरादून के राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग के उद्घाटन समारोह में प्रस्तुति देतीं बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के तीसरे सीजन का सोमवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भव्य आगाज हुआ। महिला वर्ग के उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबलों में देहरादून वारियर्स और मसूरी क्वींस ने जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की।
साथ ही बालीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर और उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों ने उद्घाटन समारोह में चार चांद लगा दिए। सोमवार को दिन के पहले मुकाबले में देहरादून वारियर्स की कप्तान श्वेता वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। देहरादून की कसी हुई गेंदबाजी के सामने पिथौरागढ़ हरिकेन्स की बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सकीं।
गायत्री आर्य ने 26, अंकिता शाह ने 21 और शगुन चौधरी ने 12 रन का योगदान दिया। पिथौरागढ़ की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी। देहरादून की ओर से मीनाक्षी जोशी ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि वैशाली टोलेरा ने दो विकेट चटकाए।
85 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून वॉरियर्स ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 14.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंकिता बिष्ट ने नाबाद 29 रन बनाए, जबकि करीना नेगी ने 26 और कप्तान श्वेता वर्मा ने 12 रन का योगदान दिया।
दिन के दूसरे मुकाबले में मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने टॉस जीतकर बागेश्वर एरियल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। बागेश्वर की कप्तान प्रेमा रावत ने 19 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
निर्जला ने भी 20 रन बनाए। बागेश्वर एरियल ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 106 रन बनाए। मसूरी क्वींस की ओर से रोशनी दानू और आरियांशी तोमर ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मसूरी क्वींस की पारी के दौरान तेज बारिश ने मुकाबले में खलल डाल दिया। इसके बाद डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) नियम के तहत मसूरी को 11 ओवर में 62 रन का संशोधित लक्ष्य दिया गया।
संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए मसूरी क्वींस ने आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज आरती भंडारी ने 41 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए, जबकि कप्तान नंदिनी कश्यप ने 26 रन का योगदान दिया। मसूरी क्वींस ने नौ ओवर में एक विकेट खोकर 62 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वाणी कपूर के डांस पर झूमे दर्शक, आज से पुरुष टीमों में होगी भिड़ंत
उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के तीसरे सीजन का सोमवार को भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर की डांस प्रस्तुति ने दर्शकों का मनोरंजन किया। उड़े दिल बेफिक्रे, नी मैं वारी जावां, घुंघरू टूट गए गानों पर दर्शक जमकर थिरके।
वहीं, उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के रंग बिखेरे। बॉलीवुड और लोक संगीत की धुन पर दर्शक भी जमकर थिरके।
समारोह में गढ़वाल से करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, जौनपुर से मंजू नौटियाल तथा जौनसार से अज्जू तोमर और अजय चौहान ने लोक संगीत की छटा बिखेरी।
यह भी पढ़ें- देहरादून के चार सिद्धपीठों का दर्शन कर बोले हरीश रावत, आगामी विस चुनाव में पार्टी का निर्णय सर्वोपरि
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समारोह को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। बॉलीवुड की चमक और पहाड़ के लोक संगीत के संगम ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया।
आज से पुरुष वर्ग के मुकाबले
महिला वर्ग के मुकाबलों के बाद मंगलवार से पुरुष टीमों के बीच क्रिकेट का रोमांच शुरू होगा। पहले मुकाबले में शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने उतरेंगी।
