देहरादून: नकरौंदा रोड पर सरकारी जमीन से हटा अवैध मजार, बुलडोजर चलाकर भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई
देहरादून में नकरौंदा रोड पर सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त ...और पढ़ें
-1790010457354_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सोमवार को नकरौंदा रोड पर सड़क किनारे बनी अवैध मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से मजार हटाई और भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान के अनुसार, करीब दो माह पहले इस मजार को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद संबंधित भूमि के दस्तावेजों की जांच कराई गई।
राजस्व अभिलेखों में भूमि सरकारी पाए जाने के बाद मजार हटाने के लिए नोटिस चस्पा किया गया था। नोटिस की अवधि पूरी होने और करीब दो सप्ताह का समय बीतने के बाद सोमवार को कार्रवाई की गई।
शिकायत से कार्रवाई तक चला दस्तावेजों का सत्यापन
प्रशासन के अनुसार कार्रवाई से पहले भूमि के स्वामित्व और मौके पर बनी मजार की स्थिति का सत्यापन किया गया। इसके बाद संबंधित पक्ष को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया। तय अवधि में मजार नहीं हटने पर प्रशासन ने जेसीबी चलाकर इसे ध्वस्त कर दिया।
सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत देहरादून में इससे पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। जून में विकासनगर के शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बनी मजार और अन्य अस्थायी निर्माण हटाए गए थे। उससे पहले यमुना कॉलोनी में भी सरकारी भूमि पर बनी मजार को नोटिस के बाद हटाया गया था।
यह भी पढ़ें- देहरादून के चार सिद्धपीठों का दर्शन कर बोले हरीश रावत, आगामी विस चुनाव में पार्टी का निर्णय सर्वोपरि
प्रदेशभर में अभियान, देहरादून में लगातार कार्रवाई
सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मई में जिलाधिकारियों को कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने ग्राम समाज समेत अन्य सरकारी भूमि की जांच करने और अतिक्रमण मिलने पर उसे हटाने को कहा था।
प्रशासन के मुताबिक प्रदेश में अब तक 597 अवैध मजारों समेत अन्य अतिक्रमणकारी धार्मिक संरचनाओं को हटाया जा चुका है। सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- देहरादून के मालदेवता में लोहे के पुल से लटका मिला युवक का शव, देखने वालों की कांप गई रूह
