गैरसैंण को लेकर उक्रांद का आठ से क्रमिक अनशन
गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता आठ जनवरी से देहरादून स्थित शहीद स्थल पर क्रमिक अनशन करेंगे।
देहरादून, [जेएनएन]: उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) कार्यकर्ता गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर आठ जनवरी से कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर क्रमिक अनशन करेंगे। इसमें अलग-अलग दिन केंद्रीय इकाई, जनपद इकाई, महानगर इकाई, युवा प्रकोष्ठ और महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। दस दिवसीय अनशन के बाद अन्य सामाजिक संगठनों के साथ राजभवन कूच किया जाएगा।
कचहरी रोड स्थित उक्रांद के केंद्रीय कार्यालय में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने और आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके बाद प्रेसवार्ता में महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने बताया कि क्रमिक अनशन व राजभवन कूच के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तैयार की जाएगी। गैरसैंण के मुद्दे पर सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों के साथ ही जनता से भी समर्थन जुटाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बैठक में आगामी निकाय चुनाव की तैयारी पर भी चर्चा की गई। देहरादून महानगर में शामिल सात विधानसभा क्षेत्रों में विस चुनाव में भाग्य आजमाने वाले पूर्व प्रत्याशियों को चुनाव तैयारी के लिए प्रभारी बनाया गया है।
मसूरी विस क्षेत्र में जय प्रकाश उपाध्याय, राजपुर रोड विस में मनोज कुमार, रायपुर विस क्षेत्र में अनिल डोभाल, धर्मपुर विस क्षेत्र में बहादुर सिंह रावत, डोईवाला विस क्षेत्र में सुभाष पुरोहित और सहसपुर विस क्षेत्र में देवेंद्र कंडवाल यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
उन्होंने कहा कि उक्रांद पूरी मजबूती के साथ निकाय चुनाव में उतरेगा। प्रेसवार्ता में दल के संरक्षक बीडी रतूड़ी, केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय, शांति प्रसाद भट्ट आदि भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: सरकार के खिलाफ सांकेतिक उपवास पर बैठे हरीश रावत
यह भी पढ़ें: कांग्रेस और भाजपा ने रोका उत्तराखंड का विकास: चौधरी
यह भी पढ़ें: ...तो इसलिए अब सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल करेंगी नेता प्रतिपक्ष हृदयेश