पुलिस ने उठाई नेताजी की कार, कार्यकर्ताओं ने लगा दिया सड़क पर जाम Dehradun News
उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट की कार को नो पार्किंग से उठाने पर बवाल हो गया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया।
देहरादून, जेएनएन। एसएसपी दफ्तर के पास उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट की कार को नो पार्किंग से उठाने पर बवाल हो गया। उक्रांद नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आनन-फानन सीओ सिटी और सीपीयू प्रभारी ने मौके पर आकर स्थिति संभाली। बाद में कार बिना चालान के छोड़ने पर उक्रांद कार्यकर्ता मान गए।
एसएसपी और उक्रांद के दफ्तर को आने वाली सड़क के किनारे पूर्व मंत्री और उक्रांद नेता दिवाकर भट्ट ने अपनी कार पार्क की। इस बीच सिटी पेट्रोल यूनिट ने कार को नो पार्किंग जोन में बताते हुए क्रेन से उठा लिया। यह देख उक्रांद के कार्यकर्ता भड़क गए।
इस दौरान दफ्तर में पत्रकार वार्ता चल रही थी। सूचना पर सभी नेता पत्रकार वार्ता को छोड़ सड़क पर बैठक गए। इससे दोनों तरफ जाम लग गया। उक्रांद नेताओं ने कहा कि एसएसपी दफ्तर के दोनों तरफ वाहन पार्क किए जाते हैं। ऐसे में उक्रांद नेता की कार उठाना गलत है।
गुस्साए उक्रांद नेताओं ने करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। मगर, उक्रांद के नेता नारेबाजी करने लगे। सूचना पर सीओ सिटी शेखर सुयाल, सीपीयू प्रभारी प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। बाद में कार को बिना कार्रवाई के वापस लाने की बात हुई।
उक्रांद की महानगर कार्यकारिणी गठित
उत्तराखंड क्रांति दल ने महानगर कार्यकारिणी की पहली सूची जारी की है। कचहरी रोड स्थित पार्टी कार्यलय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष सुनील ध्यानी ने बताया कि नगर निगम से जुड़ी समस्याओं को दल मजबूती से उठाएगा। इसके साथ ही महानगर इकाई नगर निगम के सभी 100 वार्डों में संगठन को मजबूत करेगी।
कार्यकारिणी में संजय नौटियाल को महानगर उपाध्यक्ष, महानगर महामंत्री लक्ष्मीकांत भट्ट, महानगर संगठन मंत्री अनीस सकलानी, महानगर प्रचार सचिव रमेश मिश्रा, आलम सिंह नेगी ओर नरेश जोशी बनाए गए हैं।
इसके अलावा सदस्य में अमित सकलानी, रमेश नेगी, सीपी बहुगुणा, पंकज उनियाल, अनिल बिष्ट, रमेश सकलानी, ओम प्रकाश कंसवाल को शामिल किया गया है। विधि प्रकोष्ठ में अधिवक्ता संजय मिश्रा प्रभारी होंगे।
उन्होंने बताया कि जाखन वार्ड में अमरदीप वर्मा, दून विहार वार्ड में अमरदीप विश्वकर्मा, डिफेंस कॉलोनी वार्ड में मातवर बिष्ट, सरस्वती विहार में सीपी बहुगुणा, मोतीबाजार में जमशेद सिद्दकी प्रभारी बने हैं।
यह भी पढ़ें: भाजपा का सदस्यता अभियान, अबतक जोड़े 18000 नए सदस्य
यह भी पढ़ें: अगर कोई अधिकारी करता है कामचोरी, तो वीआरएस देकर भेजा जाएगा घर