विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देहरादून में कागजों की गड्डी थमाकर पैसे ठगने वाला गिरोह सक्रिय, दो शातिर दबोचे

By Sunil NegiEdited By:
Published: Thu, 04 Feb 2021 09:25 AM (IST)

कागजों की गड्डी थामकर पैसे ठगने वाले गिरोह ने पुलिस चुनौती बढ़ा दी। अधोईवाला में इस तरह एक मामला सामने ...और पढ़ें

कागजों की गड्डी थामकर पैसे ठगने वाले गिरोह ने पुलिस चुनौती बढ़ा दी है।
कागजों की गड्डी थामकर पैसे ठगने वाले गिरोह ने पुलिस चुनौती बढ़ा दी है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। कागजों की गड्डी थामकर पैसे ठगने वाले गिरोह ने पुलिस चुनौती बढ़ा दी है। अधोईवाला में इस तरह एक मामला सामने आया है। दो शातिर ठगों ने एक व्यक्ति को कागजों की गड्डी पकड़ाकर सात हजार रुपये ठग लिए। हालांकि, बैंक के सिक्योरिटी गार्ड की मुस्तैदी के चलते आरोपित अगले दिन ही दबोच लिए गए।

मोथरोवाला निवासी सुखदेव साहनी ने बताया कि वे दो दिन पूर्व अधोईवाला स्थित बैंक से पैसे निकालने गए थे। रकम लेकर वे बैंक से बाहर निकले, तभी बाहर खड़े दो व्यक्ति उनके पास आए। बोले, उन्हें किसी काम से तुरंत कहीं जाना है, लेकिन उनके पास पड़े एक लाख रुपये लेकर नहीं जा सकते। इसलिए उन्होंने सुखदेव को पैसा अपने पास रखने को कहा। बदले में कुछ हजार रुपये खर्चे के तौर पर देने की बात कही। पीड़ित उनके झांसे में आ गए। उन्होंने अपने पास पड़े सात हजार रुपये उन्हें दिए और उनसे गड्डी ले ली। बताया कि ठगों ने उन्हें इस पैसे को कुछ दिन बाद आधा-आधा बांटने की बात कही और चले गए।

उनके जाने के बाद जब पीड़ित ने लिफाफे से गड्डी निकालकर चेक की तो वह नोट के साइज के कागज निकले। सुखदेव साहनी अगले दिन दोबारा बैंक गए। वहां उन्होंने बैंक के सिक्योरिटी गार्ड विजय कुमार को यह बात बताई। सुखदेव के बैंक के भीतर जाने के कुछ ही देर में वही ठग बैंक के पास पहुंच गए। दोनों ठग एक अन्य आदमी को शिकार बनाने का प्रयास करने लगे। सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ तो उसने पास जाकर उनकी बातें सुनीं। थोड़ी देर बाद गार्ड ने उस व्यक्ति को अपने पास बुलाकर पूछा कि उसे दो लोग क्या कह रहे थे। इस पर गार्ड को लगा कि ये वही ठग हैं और उसने मैनेजर को भी सूचना दे दी।

कुछ ही देर में सूचना पर चीता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपितों को दबोच लिया। रायपुर थाना प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। आरोपितों के तार कहां-कहां जुड़े हैं और दून में इनका गिरोह तो सक्रिय नहीं है, पता लगाया जा रहा है। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

पटेलनगर में भी सामने आया था ऐसा मामला

कुछ माह पूर्व पटेलनगर थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार का मामला सामने आया था। तब भी आरोपितों ने ऐसे ही एक व्यक्ति को झांसा देकर कागज की गड्डी थमा दी और रकम लेकर फरार हो गए थे। जिन्हें बाद में पुलिस ने दबोच लिया था।

यह भी पढ़ें-ऋषिकेश पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में दून के युवक को किया गिरफ्तार