सांसद अजय भट्ट का ट्विटर अकाउंट हैक, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नैनीताल सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहरादून, जेएनएन। नैनीताल सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया। बताया जा रहा है कि सांसद अजय भट्ट के ट्विटर हैंडल से कुछ फोटो भी अपलोड कर दिए गए। सांसद ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की पुलिस उपमहानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने ट्विटर अकाउंट हैक करने की शिकायत दर्ज करवाई है। सांसद अजय भट्ट का आरोप है कि उनके ट्विटर अकाउंट पर किसी ने फोटो अपलोड कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। ट्विटर अकाउंट पर कुछ ऐसे फोटो अपलोड की गई हैं, जिनके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने अब पासवर्ड बदल दिया है। उनकी शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फेक न्यूज देने पर होगी कानूनी कार्रवाई
कोरोना वायरस के संबंध में फेक न्यूज या गलत जानकारी प्रसारित करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सर्वोच्च् न्यायालय के निर्देशों के क्रम मे शासन ने यह आदेश जारी किए हैं।
सचिव सूचना दिलीप जावलकर ने इस संबंध में सभी जिलाधकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रोनिक मीडिया पर फेक न्यूज पर रोक लगाने के लिए इनकी प्रभावी मानिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है। इसमें कहा गया है कि सोशल मीडिया में कोरोना के संबंध में गलत जानकारियां देने या फेक न्यूज देने पर आईटी एक्ट व डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में विभिन्न जमातों से लौटे 18 लोगों पर दर्ज किया गया मुकदमा
पंत विवि के पंप ऑपरेटर पर केस
पंतनगर विवि में पंप ऑपरेटर के पद पर नियुक्त अभिलाख सिंह पर सरकार विरोधी टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसओ पंतनगर अशोक कुमार ने बताया कि आरोपित अभिलाख सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर के थाना गढ़िया रंगीन के अंतर्गत गांव खमरिया का रहने वाला है। वह विवि स्थित पंप में ऑपरेटर के पद पर नियुक्त है। किसी ने सूचना दी कि उसने ऑल यूनियन सिडकुल वाट्सएप ग्रुप पर सरकार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। जांच में मामला सही पाया गया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: जमात से में शामिल चार बीमार, सभी लोग होम और इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन