नगर निगम की इन कॉलोनियों में अतिक्रमण और गंदगी बनी मुसीबत
रायपुर विधानसभा क्षेत्र के बद्रीश कॉलोनी और राजीवनगर वार्ड में अतिक्रमण बड़ी समस्या है। यहां नाली के साथ-साथ मुख्य सड़क तक अतिक्रमण फैला है। इससे लोगों को जाम से जूझना पड़ता है।
देहरादून, जेएनएन। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के बद्रीश कॉलोनी और राजीवनगर वार्ड में अतिक्रमण बड़ी समस्या है। यहां नाली के साथ-साथ मुख्य सड़क तक अतिक्रमण फैला है। इससे अकसर लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था लचर होने से सड़क और नाली पर गंदगी के ढेर लगे हैं। स्थानीय लोग स्वयं ही सड़क और नाली की सफाई करने को मजबूर हैं।
नगर निगम क्षेत्र का राजवीनगर वार्ड हरिद्वार रोड, रिस्पना पुल, अंबीवाला गुरुद्वारे, रायपुर रिंग रोड, सारथी विहार आदि इलाके को जोड़ता है। यहां हर साल आबादी में इजाफा हो रहा है। लेकिन असुविधा जस की तस बनी हुई है। यही कारण है कि राजीवनगर की मुख्य सड़क से लेकर आंतरिक गलियों में अतिक्रमण से लोग परेशान है।
नालियों और सड़कों तक पसरे अतिक्रमण के चलते आंतरिक सड़कों से वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो रखी है। यहां तक कि लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। गंदगी का हाल यह है कि गली-गली में कचरा फैला है। नालियां टूटी और अवरूद्ध है जिसकी जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे हैं। इसी वार्ड से ङ्क्षरग रोड के दूसरी तरफ बद्रीश कॉलोनी वार्ड है।
बद्रीश कॉलोनी की कुछ सड़कें चौड़ी और साफ-सुथरी हैं। आंतरिक और मुख्य सड़क अतिक्रमण और गंदगी की मार झेल रही है। यहां सफाई के नाम पर नगर निगम के कोई इंतजाम नहीं है। लोग स्वयं ही नाली और सड़कों का कचरा हटाने को मजबूर हैं। स्ट्रीट लाइटें भी आधे से ज्यादा खराब है। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी कभी-कभार आती हैं। इससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ती हैं। नालियां अवरूद्ध होने से बरसात में पानी सड़कों पर बहता है कई बार तो लोगों के घरों में भी बरसात का पानी घुस जाता है।
बच्चों के खेलने को नहीं पार्क
रायपुर विधानसभा के इन दो महत्वपूर्ण वार्ड में विकास अव्यस्थित नजर आ रहा है। सड़क, नाली, फुटपाथ ही नहीं बल्कि यहां बच्चों के खेलने के लिए पार्क नहीं है। इससे बच्चे खाली प्लाट पर खेलने को मजबूर हैं। प्लाटिंग के दौरान वार्ड में पार्क और पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं रखी गई।
स्ट्रीट लाइट बड़ी समस्या
यहां अभी आधे वार्ड में भी स्ट्रीट लाइटें नहीं है। जो लाइटें लगाई गई, वह भी खराब हो गई हैं। नगर निगम और ऊर्जा निगम को लोगों ने इसकी शिकायत की लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किए गए।
अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
जिलाधइकारी एसए मुरूगेशन के अनुसार नगर निगम को सफाई और स्ट्रीट लाइटें ठीक करने को कहा गया है। यह काम बिना बजट के भी हो सकता है। अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले ही सख्त निर्देश दिए गए हैं। जल्द अतिक्रमण पर भी कार्रवाई होगी।
बोर्ड बैठक में लाएंगे प्रस्ताव
क्षेत्रीय पार्षद महेंद्र सिंह रावत का कहना है कि अतिक्रमण और टूटी नालियां बड़ी समस्या है। इस संबंध में लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही है। नालियों को ठीक करने के लिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव दिए जाएंगे। सफाई और स्ट्रीट लाइटें ठीक कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों का तर्क
बद्रीश कॉलोनी निवासी एसएस रौथाण का कहना है कि सफाई के कोई इंतजाम नहीं है। सड़क और गलियां गंदी पड़ी हुई है। घरों से कूड़ा नहीं उठाया जाता। सुशीला बिष्ट के मुताबिक नालियां कचरे से भरी पड़ी है। निकासी न होने से सड़क पर गंदगी फैलती है। कूड़े उठाने के लिए सफाई कर्मी को 60 रुपये देते हैं।
रिंग रोड निवासी मंदोदरी देवी कहती हैं कि नालियों की कभी सफाई नहीं होती है। बारिश का पानी सड़कों पर भरने के बाद घरों में घुस जाता है। लेकिन इस समस्या का आज तक समाधान नहीं हुआ। प्रियंका के अनुसार बच्चों के खेलने के लिए पार्क नहीं है। खाली प्लाट पर बच्चे खेलने को मजबूर हैं। कूड़ा उठाने की गाड़ी कभी-कभार आती है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना चाहिए।
राजीवनगर निवासी रजनी देवी के अनुसार सड़कें जगह-जगह उखड़ी हुई है। नालियां गंदगी से भरी हैं। लचर सफाई व्यवस्था के लिए ठोस इंतजाम किए जाए तभी वार्ड की दशा सुधरेगी। लोवर राजीवनगर निवासी सीमा देवी के मुताबिक अतिक्रमण से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। जिस कारण अकसर जाम से जूझना पड़ता है। नालियां टूटी होने से गंदगी सड़क पर फैल रही हैं।
क्षेत्रवासी आशुतोष का कहना है कि अतिक्रमण और गंदगी से मोहल्ले के लोग परेशान हैं। वार्ड की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ठोस प्लान बनाया जाए और इसी के अनुसार काम हो। बद्रीश कॉलोनी निवासी मोहम्मद नफीस के अनुसार सफाई और स्ट्रीट लाइट बड़ी समस्या है। नाली और सड़क कूड़े से भरी पड़ी हैं। कूड़ा निस्तारण के इंतजाम नहीं है।
यह भी पढ़ें: इन कॉलोनियों में खुदी सड़कें बनी नासूर, हर वक्त रहता है जान का जोखिम
यह भी पढ़ें: इस कॉलोनी की हर गली में है कचरा, अतिक्रमण से लोग परेशान
यह भी पढ़ें: आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं चंद्रबनी और सेवलाकला क्षेत्र