Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इन कॉलोनियों में खुदी सड़कें बनी नासूर, हर वक्त रहता है जान का जोखिम

    By BhanuEdited By:
    Updated: Thu, 10 Jan 2019 09:49 AM (IST)

    भगत सिंह कॉलोनी और वाणी विहार में सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें लोगों के लिए परेशानी का सबक बनी हुई हैं। ड्रेनेज की व्यवस्था न होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है।

    इन कॉलोनियों में खुदी सड़कें बनी नासूर, हर वक्त रहता है जान का जोखिम

    देहरादून, जेएनएन। रायपुर क्षेत्र के भगत सिंह कॉलोनी और वाणी विहार में सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें लोगों के लिए परेशानी का सबक बनी हुई हैं। इसके साथ ही चोक नालियां और बरसात में जलभराव की समस्या कॉलोनीवासियों के लिए नासूर बनी हैं। नालियों की सफाई न होने और ड्रेनेज की उचित व्यवस्था न होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रायपुर विधानसभा क्षेत्र के भगत सिंह कॉलोनी व जैन प्लॉट वाणी विहार में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। यहां बिजली, पानी, साफ-सफाई, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। वर्तमान में जो बड़ी समस्या यहां के लोग झेल रहे हैं वह सीवर लाइन के लिए खुदी सड़कें हैं। 

    क्षेत्र में सालभर पहले सीवर लाइन के लिए सड़कों को खोदा गया था। लेकिन, आज तक इनका निर्माण नहीं हो पाया। सीवर लाइन बिछाने के बाद संबंधित विभाग ने केवल सड़कों को मिट्टी से पाट दिया। अब यही सड़कें लोगों के लिए दिक्कतें पैदा कर रही हैं। 

    हल्की सी बारिश में सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती है। बारिश होने पर तो इन पर चलना जोखिम भरा रहता है, अक्सर लोग कीचड़ में रपट कर चोटिल होते रहते हैं। वाणी विहार में तो इस समय भी पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो रखी है। 

    सीवर लाइन बिछने के बाद कॉलोनी में कुछ हिस्सों में सड़क बनाई भी गई तो नालियों का निर्माण नहीं किया। जिससे घरों का पानी सड़कों पर बहता रहता है। ड्रेनेज न होने के कारण बरसात में कॉलोनी तालाब में तब्दील हो जाती है।

    स्थानीय लोगों का तर्क 

    भगत सिंह कॉलोनी निवासी करम सिंह बिष्ट के अनुसार यहां नालियों की काफी दिक्कत है। नालियां न होने के कारण घरों का पूरा पानी सड़कों पर बहता है। कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। मोहम्मद दानिश कहते हैं कि सालभर पहले यहां सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई थीं। लेकिन, आज तक इनका निर्माण नहीं हो पाया है। जिसके कारण लोगों को खासकर बरसात में काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

    वाणी विहार निवासी मोहम्मद इकलाब के मुताबिक क्षेत्र में सड़क के साथ ही बिजली की भी काफी समस्या है। आए दिन यहां दिन में कई घंटे बिजली गायब रहती है। शिकायत करने पर भी इसका समाधान नहीं हो पा रहा है। 

    विनोद कुमार का कहना है कि वाणी विहार जैन प्लॉट में सड़क एक साल से क्षतिग्रस्त है। सालभर पहले सड़क को सीवर के लिए खोदा गया था। इसके बाद संबंधित विभाग ने इसको केवल मिट्टी से पाट दिया। सड़क हमेशा कीचड़ में तब्दील रहती है। रोज दुर्घटनाएं होती रहती हैं। 

    भगत सिंह कॉलोनी पूजा सुमन कहती हैं कि निवासी क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सड़क काफी संकरी हो चुकी है। हालत यह है कि यहां एंबुलेंस और फायर बिग्रेड के वाहन नहीं पहुंच पाते। कई बार सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।

    उमा नेगी के अनुसार यहां नालियां नहीं है। साथ ही ड्रेनेज की कोई व्यवस्था नहीं है। जिससे बरसात में सड़के तालाब में तब्दील हो जाती हैं। कई बार सड़क के दोनों तरफ नालियां बनाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक नालियां नहीं बनाई गई है।

    नीलू क्षेत्री का कहना है कि उनके कॉलोनी में सड़क तो बन गई है, लेकिन नालियां नहीं बनी है। जिससे लोगों के घरों का पानी सड़क पर बहता है। जहां पर नालियां हैं भी उनकी सफाई नहीं होती। जिससे वह हमेशा चोक रहती हैं। 

    समाधान का होगा प्रयास 

    भगत सिंह कॉलोनी वार्ड के पार्षद इलियास अंसारी के अनुसार वार्ड में जलभराव, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, बिजली, सड़क जैसी समस्याएं हैं। इन समस्याओं को नगर निगम में रखकर उनके समाधान का पूरा प्रयास किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें: इस कॉलोनी की हर गली में है कचरा, अतिक्रमण से लोग परेशान

    यह भी पढ़ें: आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं चंद्रबनी और सेवलाकला क्षेत्र

    यह भी पढ़ें: गंदे पानी और ड्रेनेज की समस्या से परेशान हैं यहां के बाशिदें, जानिए

    comedy show banner
    comedy show banner