गढ़वाल और कुमाऊं के बीच जल्द चलेगी शताब्दी जैसी ट्रेन
रेल मंत्रालय जल्द ही गढ़वाल से कुमाऊं को जोड़ते हुए देहरादून से काठगोदाम तक शताब्दी एक्सप्रेस की तर्ज पर रेल सेवा आरंभ करेगा।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: रेल मंत्रालय जल्द ही गढ़वाल से कुमाऊं को जोड़ते हुए देहरादून से काठगोदाम तक शताब्दी एक्सप्रेस की तर्ज पर रेल सेवा आरंभ करेगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल के साथ उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की मुलाकात के दौरान रेल मंत्री ने इस नई रेल सेवा के लिए सहमति दी।
भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने गुरुवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री पीयूष गोयल से इस नई रेल सेवा को लेकर मुलाकात की। बलूनी के मुताबिक रेल मंत्री ने तत्काल सहमति देते हुए कहा कि शीघ्र यह सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने कहा वे अपने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ ट्रेन के देहरादून से काठगोदाम के बीच के स्टॉपेज, ट्रेन के समय आदि की चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि लंबे समय से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच दिन में चलने वाली एक चेयर कार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ऐसा इसलिए, क्योंकि कुमाऊं मंडल के लोगों को विभिन्न कार्यों से राजधानी देहरादून आना होता है। इसी तरह गढ़वाल मंडल से लोगों और सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को अकसर हाईकोर्ट नैनीताल जाना होता है। अभी तक केवल रात्रि की रेल सेवा ही देहरादून से काठगोदाम और काठगोदाम से देहरादून के लिए उपलब्ध है। सांसद अनिल बलूनी ने रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उक्त सुविधा से दोनों मंडलों के लोगों को खासी सहूलियत मिलेगी।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने योजनाओं की समीक्षा की
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के चार शहर नमामि गंगे एक्शन प्लान में शामिल