विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चकराता में बर्फबारी देखने उमड़े पर्यटक, लगा लंबा जाम तो गाड़ी छोड़कर पैदल ही निकले

Published: Sun, 25 Jan 2026 01:26 PM (IST)

बर्फबारी देखने चकराता पहुंचे पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ...और पढ़ें

कालसी–चकराता मोटर मार्ग पर 7 किमी लंबा जाम, पुलिस व टीआरएफ जुटी रही व्यवस्था में. Jagran

कालसी–चकराता मोटर मार्ग पर 7 किमी लंबा जाम, पुलिस व टीआरएफ जुटी रही व्यवस्था में. Jagran

HighLights

  1. बर्फबारी देखने चकराता पहुंचे पर्यटकों की भारी भीड़

  2. कालसी-चकराता मार्ग पर 7 किलोमीटर लंबा जाम लगा

  3. पुलिस और एसडीआरएफ ने यातायात व्यवस्था संभाली

दैनिक जागरण, चकराता। देशभर से बर्फबारी का दीदार करने चकराता पहुंचे पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कालसी–चकराता मोटर मार्ग पर बरौरी मंदिर से लेकर चकराता बस स्टैंड तक करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहे। जाम में फंसे वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बर्फबारी के बाद चकराता की वादियां सैलानियों से गुलजार हो उठीं। शनिवार-रविवार और अवकाश का लाभ उठाने बड़ी संख्या में पर्यटक निजी वाहनों से चकराता पहुंचे, लेकिन संकरी पहाड़ी सड़कों और सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण यातायात दबाव अचानक बढ़ गया। स्थिति यह रही कि कई स्थानों पर वाहन पूरी तरह थम गए।

पैदल चलकर लिया बर्फबारी का आनंद

लंबे समय तक जाम में फंसे रहने से परेशान कई पर्यटकों ने अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर पैदल ही बर्फबारी का आनंद लेना बेहतर समझा। सड़कों के दोनों ओर बर्फ से ढकी पहाड़ियों और गिरती बर्फ के बीच लोग फोटो और वीडियो बनाते नजर आए। हालांकि इससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हुई।

पुलिस व टीआरएफ की टीम रही तैनात

जाम की सूचना मिलते ही चकराता पुलिस व SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और लगातार यातायात को नियंत्रित करने में जुटी रहीं। पुलिस कर्मियों ने एक-एक कर वाहनों को निकालने का प्रयास किया, वहीं पर्यटकों से धैर्य बनाए रखने और सड़क पर अनावश्यक रुकने से बचने की अपील की गई।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले यातायात और मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य लें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें। साथ ही, भारी भीड़ के दौरान सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।

बहरहाल, बर्फबारी ने जहां पर्यटकों को रोमांच और खुशी दी, वहीं भारी भीड़ के चलते चकराता की सड़कों पर घंटों जाम ने प्रशासन और यात्रियों—दोनों की परीक्षा ले ली।

यह भी पढ़ें- बर्फबारी के बाद उत्तराखंड के इस हिल स्‍टेशन पर पहुंच गई भारी भीड़, लगा 10 किमी लंबा जाम

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के इन 18 इलाकों में 15 साल बाद हुई बर्फबारी, पहुंची पर्यटकों की भीड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।