Top Dehradun News of the day, 8th January 2020: उत्तराखंड में ई-कैबिनेट प्रणाली शुरू, मसूरी में भारी हिमपात, एफआरआइ निदेशक के खाते से 24 लाख उड़ाए
दून में तीन खबरें चर्चा में रहीं। उत्तराखंड में ई-कैबिनेट प्रणाली शुरू मसूरी में भारी हिमपात एफआरआइ निदेशक के खाते से 24 लाख उड़ाए।
देहरादून, जेएनएन। देहरादून में बुधवार को तीन खबरें चर्चा में रहीं। पहली, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ई-कैबिनेट प्रणाली की शुरुआत की। ई-कैबिनेट का उद्देश्य समयबद्ध ढंग से कार्रवाई करना, लेस पेपर व्यवस्था को प्रोत्साहित करना और संस्थागत मैमोरी को विकसित करना है। वहीं, उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार तल्ख बना हुआ है। सोमवार से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का दौर तीसरे दिन भी जारी है। बर्फबारी और बारिश से प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। इधर, फर्जी चेक का इस्तेमाल कर जालसाजों ने वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ) के निदेशक (म्यूजियम) के खाते से करीब 24 लाख रुपये उड़ा दिए।
उत्तराखंड में ई-कैबिनेट प्रणाली शुरू
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ई-कैबिनेट प्रणाली की शुरुआत की। ई-कैबिनेट का उद्देश्य समयबद्ध ढंग से कार्रवाई करना, लेस पेपर व्यवस्था को प्रोत्साहित करना और संस्थागत मैमोरी को विकसित करना है। इसके प्रयोग से जहां पर्यावरण मित्र के माध्यम से कागज की बचत होगी। वहीं, संस्थागत मैमोरी द्वारा पूर्व की कैबिनेट जानकारी को प्राप्त करना भी आसान होगा। ई-कैबिनेट, ई-गवर्नेंस और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगने के साथ ही गन्ना समर्थन मूल्य को मंजूरी दी गई।
मसूरी में भारी हिमपात
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार तल्ख बना हुआ है। सोमवार से शुरू हुआ बारिश और बर्फबारी का दौर तीसरे दिन भी जारी है। बर्फबारी और बारिश से प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे बंद हैं। इसके अलावा चमोली में औली और कुमाऊं में थल-मुनस्यारी मार्ग पर भी यातायात बाधित है। हिमपात के कारण प्रदेश में 150 से ज्यादा गांव अलग-थलग पड़ गए हैं। वहीं दो सौ से ज्यादा गांव में बिजली गुल है। वहीं, बुधवार को शाम करीब पांच बजे से बर्फबारी जारी है। इधर, हरिद्वार में प्रभारी जिलाधिकारी विनीत तोमर ने शीतलहर और ठंड के चलते नौ और दस जनवरी को स्कूलों में कक्षा आठ तक और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही इन दो दिन नैनीताल में भी स्कूल बंद रहेंगे।
एफआरआइ निदेशक के खाते से 24 लाख उड़ाए
फर्जी चेक का इस्तेमाल कर जालसाजों ने वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआइ) के निदेशक (म्यूजियम) के खाते से करीब 24 लाख रुपये उड़ा दिए। एफआरआइ के अधिकारियों को जब इसकी भनक लगी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह चेक हरियाणा के एक बैंक में लगाया गया था। यहां से रकम गुजरात के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई। पुलिस की एक टीम हरियाणा और दूसरी गुजरात के लिए रवाना हो चुकी है। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।