विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून से मसूरी पहुंचने में लगे तीन घंटे, जाम में पिसे सैलानी; खराब हुआ वीकेंड

Published: Sun, 10 May 2026 09:20 AM (IST)

लगातार छुट्टियों के कारण मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे चार किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और देहरादून से मसूरी पहुंचने में घंटों लग गए।

HighLights

  1. मसूरी में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़

  2. देहरादून-मसूरी मार्ग पर चार किमी लंबा जाम

  3. होटल 90 प्रतिशत तक भरे, पर्यटक परेशान

जागरण संवाददाता, मसूरी। माह के दूसरे शनिवार और रविवार की लगातार छुट्टियों ने मसूरी में पर्यटकों का ऐसा सैलाब ला दिया कि पहाड़ की रानी पूरी तरह ''फुल पैक'' हो गई। हालात यह रहे कि देहरादून से मसूरी पहुंचने में पर्यटकों को तीन से चार घंटे तक लग गए। सामान्य दिनों में एक घंटे का ये सफर शनिवार को ट्रैफिक जाम की वजह से लंबी परीक्षा बन गया।

रविवार को भी जाम

रविवार को भी मसूरी में भरी भीड़ रही। हर मार्ग पर जाम लगा। पुलिस का ध्यान सिर्फ गांधी चौक पर रहा। मोती लाल नेहरू मार्ग, सर्कुलर रोड, स्प्रिंग रोड पर जोरदार जाम रहा।

शनिवार का हाल

सुबह आठ बजे से ही किंक्रेग-लाइब्रेरी-जीरो प्वाइंट तक करीब चार किमी लंबा जाम लगना शुरू हो गया। वाहन घंटों रेंगते रहे। मैसानिक लाज से पिक्चर पैलेस, अपर मालरोड के घंटाघर तक भी लंबा जाम लगा रहा।

लाइब्रेरी बाजार स्थित मालरोड बैरियर से कार्निवल सिनेमा तक लगभग पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। कई पर्यटक परिवार बच्चों और बुजुर्गों के साथ वाहनों में फंसे रहे। शाम ढलते ही स्थिति और बिगड़ गई। किंक्रेग, लाइब्रेरी चौक और जीरो प्वाइंट तक फिर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जो देर रात तक जारी रहीं।

पहाड़ घूमने आए थे, जाम में फंस गए

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से पहुंचे पर्यटकों ने ट्रैफिक व्यवस्था पर नाराजगी जताई। कई लोगों ने बताया कि देहरादून से मसूरी पहुंचने में ही आधा दिन निकल गया। दिल्ली से पहुंचे एक पर्यटक ने कहा ''सुबह देहरादून से निकले थे, लेकिन मसूरी पहुंचते-पहुंचते दोपहर हो गई। मौसम अच्छा है, लेकिन ट्रैफिक ने पूरा मजा खराब कर दिया।''

पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़

कैम्पटी फाल, गन हिल, लाल टिब्बा, जार्ज एवरेस्ट, कंपनी गार्डन, चार दुकान व भट्टा फाल समेत सभी प्रमुख पर्यटन स्थल दिनभर पर्यटकों से खचाखच भरे रहे। धनोल्टी और बुरांशखंडा में भी भारी भीड़ रही। मौसम ठंडा व सुहावना बने रहने से पर्यटक देर शाम तक घूमते रहे और मालरोड पर देर रात तक रौनक बनी रही।

पार्किंग कम, वाहन ज्यादा… हर सीजन वही संकट

मसूरी में हर पर्यटन सीजन में ट्रैफिक और पार्किंग सबसे बड़ी समस्या बनकर सामने आती है। शहर की संकरी सड़कें हजारों वाहनों का दबाव नहीं झेल पा रहीं। हालात यह रहे कि कई जगह पर्यटकों ने सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए, जिससे जाम और बढ़ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल ट्रैफिक प्लान की बातें होती हैं, लेकिन जमीनी समाधान नजर नहीं आता।

होटल कारोबार चमका

मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार शाम तक होटलों और गेस्ट हाउसों में 80 से 85 प्रतिशत तक आक्युपेंसी दर्ज की गई, जो देर रात तक 90 प्रतिशत तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि मौसम शानदार बना हुआ है और आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें- सेकंड सैटरडे पर सुबह से पूरा मसूरी शहर जाम, लोग और सैलानी परेशान

यह भी पढ़ें- देहरादून-मसूरी वीकेंड ट्रैफिक प्लान: जाम से निपटने को 5 सुपर जोन, 10 जोन और 18 सेक्टर बनाए गए