विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में 120 KM की रफ्तार में दौड़ी थार, तीन युवकों को रौंदा; एक की हुई मौत

Published: Fri, 20 Mar 2026 10:41 PM (IST)

देहरादून के क्लेमेनटाउन में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

ओएनजीसी चौक से पहले डिवाइडर पर चढ़ी कार। जागरण

ओएनजीसी चौक से पहले डिवाइडर पर चढ़ी कार। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। दून में तेज रफ्तार का कहर जारी है। बुधवार देर रात क्लेमेनटाउन क्षेत्र में 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही थार ने स्कूटी सवार तीन युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद चालक थार लेकर भाग गया। उसका पीछा कर थार को ओगल भट्टा क्षेत्र में रोक लिया गया। इस दौरान चालक तो फरार हो गया, लेकिन दो युवकों को दबोच लिया। पुलिस जांच में पता चला कि थार में सवार युवकों ने शराब पी रखी थी।

शिकायतकर्ता प्रवीण कुमार के अनुसार उनका भांजा यशु चौधरी अपने दोस्तों ऋतिक चौहान और वंश पुंडीर के साथ सत्य शाही मार्ग पर खाना लेने जा रहा था।

स्कूटी वंश चला रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार थार आई और स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और थार उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटकर ले गई।

यशु चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋतिक चौहान और वंश की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने वैभव सिंह, मंजीत यादव और साहिल गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब शहर में सड़क पर रफ्तार लगातार जान ले रही है। पिछले 48 घंटों में अलग-अलग क्षेत्रों में पांच बड़े हादसे सामने आ चुके हैं।

इनमें तीन लोगों की जान गई है और छह लोग घायल हुए हैं। तीन हादसे गुरुवार रात डालनवाला में बेकाबू इनोवा कार, दूसरा कमला पैलेस पर ट्रक और रायवाला में ट्रैक्टर ट्राली से हुए।

जबकि दो हादसे गुरुवार देर रात व शुक्रवार सुबह हुए। शहर के भीतर रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का खतरा लगातार बढ़ता दिख रहा है।

13 साल के बच्चे के हाथ में स्टीयरिंग, बची अनहोनी

शुक्रवार सुबह ओएनजीसी चौक के पास कैंट क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब मात्र 13 वर्ष का एक बच्चा तेज रफ्तार कार चलाते हुए नियंत्रण खो बैठा और वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। कार बल्लूपुर की ओर जा रही थी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसकी गति सामान्य से काफी अधिक थी।

इसी दौरान दूसरी ओर से गुजर रहे स्कूटी चालक कार की चपेट में आ गए। टक्कर लगते ही स्कूटी चालक सड़क पर गिर पड़े और उनके कंधे व हाथ में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए भेजा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार इतनी तेजी में थी कि डिवाइडर पर चढ़ने के बाद भी कुछ दूरी तक फंसी रही। राहत की बात यह रही कि स्कूटी चालक ने हेलमेट पहना था, जिससे सिर पर गंभीर चोट नहीं आई।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों में इस बात को लेकर सबसे अधिक नाराजगी रही कि इतनी कम उम्र का बच्चा सड़क पर कार कैसे चला रहा था।

पुलिस अब वाहन स्वामी की जिम्मेदारी तय करने के साथ यह भी जांच रही है कि बच्चे को वाहन किस परिस्थिति में सौंपा गया। यह घटना एक बार फिर शहर में नाबालिगों के हाथ में वाहन पहुंचने के खतरनाक चलन को सामने ले आई है।

दून की रात, सड़कें और बढ़ती बेलगाम रफ्तार

दून में रात होते ही कई प्रमुख सड़कें रफ्तार का ट्रैक बन जाती हैं। राजपुर रोड, सहारनपुर रोड, हरिद्वार रोड, ओल्ड सर्वे रोड, क्लेमेनटाउन और कैंट क्षेत्र में देर रात वाहन चालकों की गति सामान्य सीमा से कहीं ऊपर पहुंच जाती है।

ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी मुख्य चौराहों तक सीमित होने के कारण अंदरूनी मार्गों पर चालक जोखिम लेने से नहीं हिचकते। बीते कुछ महीनों में सामने आए अधिकतर गंभीर हादसों में यह पाया गया कि चालक या तो ओवरस्पीड में थे या वाहन पर नियंत्रण खो बैठे।

ओल्ड सर्वे रोड पर हादसे में मुकदमा

गुरुवार शाम ओल्ड सर्वे रोड पर तेज रफ्तार इनोवा ने सड़क पर चलते पांच वाहनों को टक्कर मार दी थी। इसमें बाइक सवार रोहित फिलिप की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक इतनी तेज गति में था कि दो कार, दो स्कूटी और एक बाइक को टक्कर मारने के बाद भी वाहन काफी दूर जाकर रुका। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस ने आरोपित चालक गुनीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सबसे खतरनाक बनती जा रही शहर की पांच सड़कें

ट्रैफिक पुलिस के रिकार्ड और हालिया घटनाओं को देखें तो शहर की कुछ सड़कें लगातार दुर्घटना संभावित बनती जा रही हैं।

राजपुर रोड पर देर रात स्पोर्ट्स वाहनों की तेज रफ्तार सबसे बड़ी चुनौती है। ओल्ड सर्वे रोड पर आवासीय क्षेत्र होने के बावजूद तेज गति में वाहन चलते हैं। सहारनपुर रोड पर भारी वाहनों और तेज निजी वाहनों का दबाव हादसों को बढ़ाता है।

हरिद्वार रोड पर अचानक कट और लेन बदलना दुर्घटनाओं की वजह बनता है, जबकि क्लेमेनटाउन से आइएसबीटी कारिडोर देर रात सबसे अधिक जोखिम वाला हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अब इन क्षेत्रों में अतिरिक्त स्पीड मानिटरिंग की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- देहरादून में कब थमेगा रफ्तार की कहर, हादसा देख सहमे लोग; कई लोग घायल

यह भी पढ़ें- देहरादून में तेज रफ्तार इनोवा ने पांच लोगों को रौंदा, एक की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।