निजी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला: प्रधानाचार्य और शिक्षक पर मुकदमा दर्ज
एक निजी स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और भौतिक विज्ञान के शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

HighLights
समरवैली स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप।
प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
एसएसपी ने जांच के लिए टीम गठित की।
जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर के एक निजी स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में डालनवाला कोतवाली पुलिस ने स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य व आरोपित अध्यापक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जांच के लिए टीम गठित की है। पुलिस को दी तहरीर में छात्रा की मां ने भौतिक विज्ञान के शिक्षक रविंदर भृगु पर बेटी के साथ अनुचित व्यवहार करने और शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से उस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया।
आरोप है कि शिक्षक करीब डेढ़ माह से उनकी पुत्री को परेशान कर रहा था और अनुचित ढंग से छूता था। शिक्षक के व्यवहार से कक्षा की अन्य छात्राएं भी परेशान थीं और 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली शिकायत प्रधानाचार्य को दी गई थी।
शुरुआत में उन्होंने बच्चों के भविष्य और लोकलाज के डर से शिकायत नहीं की। 14 अक्टूबर को बेटी स्कूल देर से पहुंची थी, जिस पर शिक्षक उसे धक्का मारते हुए प्रधानाचार्य कक्ष तक ले गया।
इसके बाद 15 अक्टूबर को उन्होंने प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी। प्रधानाचार्य ने बेटी की सुरक्षा का भरोसा दिया और शिक्षक को नौकरी से हटाने की बात कही। स्कूल प्रबंधन ने उनकी बेटी से पूछा कि शिक्षक उसे कैसे छूते थे, करके दिखाओ। शिक्षक को बुजुर्ग बताया और कहा कि तुम्हारे पिता भी तो तुम्हे छूते होंगे।
डालनवाला क्षेत्र स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत एक छात्रा की माता ने उनकी पुत्री के साथ विद्यालय के शिक्षक की ओर से अभद्र आचरण किए जाने के संबंध में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।
प्रमेंद्र डोबाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
यह भी पढ़ें- देहरादून में अवैध गैस रिफिलिंग पर छापा 104 सिलिंडर जब्त और दो गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- देहरादून के पटेलनगर में देह व्यापार का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
