विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में अवैध गैस रिफिलिंग पर छापा 104 सिलिंडर जब्त और दो गिरफ्तार

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:05 PM (IST)

जिला पूर्ति विभाग ने देहरादून में अवैध गैस रिफिलिंग और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर बड़ी कार्रवाई की है। ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। घरेलू गैस सिलिंडरों की रिफिलिंग और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अनधिकृत इस्तेमाल के खिलाफ जिला पूर्ति विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 104 सिलिंडर जब्त किए।

छिद्दरवाला में अवैध रिफिलिंग के मामले में 94 घरेलू एवं व्यावसायिक सिलिंडर जब्त किए गए, जबकि मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

प्रकरण में रायवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, देहरादून नगर क्षेत्र के होटल और रेस्तरां में घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल मिलने पर 10 सिलिंडर जब्त किए गए।

जिला प्रशासन के अनुसार प्रवर्तन टीम ने छिद्दरवाला क्षेत्र में गैस रिफिलिंग की सूचना मिली थी। टीम ने वहां छापा मारा तो शिकायत सही मिली और मामले में कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक सिलिंडर जब्त किए।

मौके पर रिफिलिंग करते रंगेहाथ पकड़े गए दो व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में एआरओ रजत नेगी और पूर्ति निरीक्षक नवीन जुयाल शामिल रहे।

होटल-रेस्तरां में घरेलू सिलिंडरों का इस्तेमाल

देहरादून नगर क्षेत्र में होटल और रेस्तरां के निरीक्षण के दौरान घरेलू गैस सिलिंडरों का अनधिकृत व्यावसायिक इस्तेमाल पाया गया। टीम ने 10 सिलिंडर जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिए। घरेलू सिलिंडरों का निर्धारित घरेलू उपयोग के अलावा व्यावसायिक इस्तेमाल नियमों के विरुद्ध है।

त्योहारों में विशेष निगरानी

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर घरेलू गैस सिलिंडरों की मांग व उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने व घरेलू सिलिंडरों के दुरुपयोग, रिफिलिंग तथा कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- देहरादून के पटेलनगर में देह व्यापार का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- देहरादून के समरवैली स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ पर हंगामा, शिक्षक निलंबित