विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

स्पेशल टास्क फोर्स ने 10 हजार के इनामी बदमाश को दक्षिण भारत से किया गिरफ्तार

By Sunil NegiEdited By:
Published: Thu, 04 Feb 2021 11:05 AM (IST)Updated: Thu, 04 Feb 2021 10:12 PM (IST)

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उत्तराखंड में लूट व ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के कई मामलों में वांछित इनामी बदमाश को दक्षिणी ...और पढ़ें

स्पेशल टास्क फोर्स ने 10 हजार के इनामी बदमाश को दक्षिण भारत से गिरफ्तार किया है।
स्पेशल टास्क फोर्स ने 10 हजार के इनामी बदमाश को दक्षिण भारत से गिरफ्तार किया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उत्तराखंड में लूट व ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के कई मामलों में वांछित इनामी बदमाश को दक्षिणी राज्य तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में देहरादून के ऋषिकेश, रायपुर व डोईवाला में चोरी और हरिद्वार के कलियर थाने में लूट व चोरी का मुकदमा दर्ज है। इन घटनाओं के बाद से ही प्रदेश की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आइजी गढ़वाल ने उसपर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 24 जुलाई 2017 को ऋषिकेश के रामनगर टांडा, 15 अगस्त 2017 को डोईवाला के कुआंवाला और 18 अगस्त 2017 को रायपुर के सोड़ा सरोली से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हुई थीं। इसके अलावा एक अगस्त 2017 को हरिद्वार के कलियर में नफीरा नाम के व्यक्ति से ट्रैक्टर-ट्रॉली और 88 हजार रुपये की लूट की गई थी। इन मामलों की जांच में चार बदमाशों का नाम सामने आया। जिनमें से तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, इस गिरोह का सरगना शातिर बदमाश जॉन मोहम्मद उर्फ जाना निवासी नई मंडी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) फरार चल रहा था। बीते दिनों एसटीएफ को सूचना मिली कि जॉन मोहम्मद दक्षिण भारत में कहीं छिपा हुआ है। इसके बाद एसटीएफ उसकी तलाश में जुट गई। इस दरमियान जॉन के तमिलनाडु में कृष्णागिरी के हासुर ग्राम में छिपे होने की पुष्टि हुई। जॉन वहां पहचान बदलकर रह रहा था। गुरुवार को एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम शनिवार तक उसे लेकर देहरादून पहुंच पाएगी।

बरेली में बेचता था चोरी के ट्रैक्टर

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जॉन मोहम्मद के खिलाफ उत्तर प्रदेश में भी मुकदमे दर्ज हैैं। वह उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर बेरली में डेढ़ से दो लाख रुपये में बेच देता था। 

विधायक हॉस्टल के पास से कार के टायर चोरी में मुकदमा दर्ज

शहर में कार के टायर चुराने वाले गिरोह के सक्रिय होने से पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए हैं। पॉश इलाके में घर के बाहर खड़ी दो कारों के टायर चोरी होने के मामले में मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। दोनों ही घटनाएं रेसकोर्स क्षेत्र की हैं, इसमें से एक घटना विधायक हॉस्टल से चार कदम की दूरी पर हुई। घटनाएं सोमवार रात की बताई जा रही हैं, लेकिन पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज किया।

बीते रोज शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार रेसकोर्स में अज्ञात चोरों ने दो कारों के टायर चोरी कर लिए। दोनों जगहों पर सीसीटीवी कैमरों में चोरों को टायर निकालते देखा गया है। शातिर चोर कार को ईंटों के सहारे खड़ा कर टायर निकाल फरार हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। डालनवाला और नेहरू कॉलोनी थाने में एक-एक शिकायत दी गई है। डालनवाला थाने में रेसकोर्स आराघर निवासी बलजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी ग्रैंड आई-10 कार रेसकोर्स में सड़क किनारे खड़ी थी। सुबह देखा तो कार के टायर गायब थे। उनकी कार ईंटों पर खड़ी थी। जिसके बाद वे पुलिस के पास आए। आरोप है कि पुलिस ने पहले उनकी शिकायत सुनने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।

उधर, नेहरू कॉलोनी थाने में रेसकोर्स निवासी अभिषेक लूथरा ने तहरीर देकर बताया कि उनका घर विधायक हॉस्टल के पास ही है। उनकी कार घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी। सुबह उन्होंने देखा कि टायर गायब हैं। इस मामले में इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी राकेश गुसाईं ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें-फाइनेंसकर्मी से तमंचे के बल पर दिनदहाडे 1.30 लाख की लूट