पांच दिन में दूसरी बार Dehradun पहुंचे राम माधव, सेवा ज्योति यात्रा में संभाली कमान... पीएम मोदी के संबोधन से गूंजा सभागार
भाजपा ने देहरादून में सेवा ज्योति यात्रा के साथ अपनी संगठनात्मक सक्रियता का संदेश दिया, जिसमें प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कमान संभाली।

विकसित भारत के संकल्प के साथ शुरू सेवा ज्योति यात्रा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को दून में शुरू हुई सेवा ज्योति यात्रा से पार्टी ने अपनी संगठनात्मक सक्रियता का संदेश दिया। खास बात यह रही कि प्रदेश प्रभारी राम माधव पांच दिन के भीतर दूसरी बार देहरादून पहुंचे। उनके नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।
परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित सेवा ज्योति कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन हुआ। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। इसके बाद स्थानीय नेताओं ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की।
ज्योति के साथ सियासी संदेश भी
कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति को लेकर यात्रा लैंसडाउन चौक पहुंचेगी, जहां ज्योति स्थापित की जायेगी, भाजपा ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी तर्ज पर कार्यक्रम आयोजित किए हैं। यानी एक ही दिन प्रदेशभर में संगठन ने सेवा, संकल्प और विकसित भारत के संदेश को केंद्र में रखकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई।
देहरादून के कार्यक्रम में राम माधव के साथ राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन की सक्रियता पर जोर
राम माधव का एक सप्ताह में दूसरी बार देहरादून पहुंचना संगठन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले भी वह पार्टी के कार्यक्रम में दून पहुंचे थे। अब सेवा ज्योति यात्रा के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने प्रदेश संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया है। हालांकि भाजपा ने कार्यक्रम को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा है।
राजनीतिक तौर पर कार्यक्रम की तस्वीर साफ थी, मंच पर शीर्ष नेतृत्व, सामने कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और हाथों में सेवा ज्योति। भाजपा ने दून से प्रदेशभर में संगठन की सक्रियता और अपने अभियान का संदेश देने की कोशिश की।
रुड़की में जीवन ज्योति यात्रा का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बीएसएम इंटर कॉलेज परिसर में विकसित भारत संकल्प सभा सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने वर्चुअल संबोधित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा,सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत,कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा,केबिनेट मंत्री मदन कौशिक,जिलाध्यक्ष डॉक्टर मधु सिंह,मेयर अनीता अग्रवाल आदि बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित है।
चंपावत में निकाली गई यात्रा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर चंपावत में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। सेवा संकल्प लेने बाद बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, गुंजन सुखीजा, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय सहित अन्य मौजूद थे।
