विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रुड़की: हाईवे के पास खड़े होकर पिस्टल से हवाई फायरिंग करने का वीडियो वायरल, युवक की पहचान में जुटी पुलिस

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Sat, 06 Nov 2021 11:19 AM (IST)

युवक का पिस्टल से हवाई फायरिंग करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें युवक हवाई फायरिंग ...और पढ़ें

हाईवे के पास खड़े होकर पिस्टल से हवाई फायरिंग करने का वीडियो वायरल।
हाईवे के पास खड़े होकर पिस्टल से हवाई फायरिंग करने का वीडियो वायरल।

जागरण संवाददाता, रुड़की। पिस्टल से हर्ष फायरिंग करने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। फायरिंग करने वाला युवक युवा कांग्रेस का नेता बताया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर एक युवक का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक युवक रात के समय एक ढाबे के बाहर खड़ा होकर पिस्टल से हवाई फायरिंग कर रहा है। पिस्टल से फायरिंग करते समय युवक अपने साथियों को वीडियो बनाने की बात भी कह रहा है। इस दौरान उसका एक साथी भी उसके साथ आकर खड़ा हो जाता है, जिस जगह यह वीडियो बनाया गया है। वहां पर एक हाईवे से वाहन भी गुजर रहे है।

फायरिंग करने वाला युवक कलियर क्षेत्र का निवासी है और युवा कांग्रेस का नेता बताया गया है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आई है। कलियर थाना प्रभारी धर्मेंद्र राठी का कहना है कि वीडियो वायरल होने का मामला उनके संज्ञान में आया है, लेकिन यह मामला उनके क्षेत्र का नहीं है। फिर भी इसकी जांच कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- रुड़की: पुलिस को देख भागने लगे युवक, पकड़ा तो निकले नशा तस्कर, स्मैक बरामद

सड़क हादसे के घायल की अस्पताल में मौत

सड़क हादसे में घायल हुए होटल कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के स्वजन की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जिला अल्मोड़ा के ग्राम लंबाड़ी थाना देघाट तहसील स्याल निवासी दरमान सिंह ने तहरीर में बताया कि उनका भतीजा देव सिंह भगवानपुर स्थित एक होटल में कर्मचारी था। भतीजा देव सिंह अपने साथी दिनेश के साथ 28 अगस्त 2021 की रात नौ बजे भगवानपुर स्थित होटल जा रहा था। रामपुर चुंगी के पास अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया था। जहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान 10 सितंबर को भतीजे की मौत हो गई। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में शुक्रवार को पुलिस को तहरीर मिली थी। इस मामले में अज्ञात वाहन चालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है।