विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऋषिकेश में भीषण जाम, विवाह सीजन और वीवीआईपी मूवमेंट से यातायात ठप

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:09 PM (IST)

सप्ताहांत और विवाह सीजन के चलते ऋषिकेश, मुनिकीरेती व तपोवन क्षेत्र में भीषण जाम रहा। हरिद्वार में वीवीआईपी मूवमेंट के कारण स्थानीय पुलिस की कमी से यातायात प्रबंधन प्रभावित हुआ, जिससे बाराती और आम जनता घंटों फंसे रहे।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। सप्ताहांत और विवाह सीजन के चलते ऋषिकेश, मुनिकीरेती व तपोवन क्षेत्र में भीषण जाम रहा। ऋषिकेश-हरिद्वार, बाईपास मार्ग व इंद्रमणी बडोनी चौक-ढालवाला-तपोवन-शिवपुरी मार्ग तक वाहनों की लंबी कतार लगती रही।

इस दौरान विवाह समारोह में जा रहे बाराती वाहन भी जाम से जूझते रहे। गंतव्य तक दो से तीन घंटे देरी से पहुंचने के कारण उन्हें खासी फजीहत का सामना करना पड़ा। वहीं, क्षेत्रवासी भी जाम से जूझते रहे। रविवार सुबह करीब 11 बजे दो बारात बसें इंद्रमणी बडोनी चौक के समीप लंबे जाम में फंसी दिखी।

बाराती रवि सिंह व ममता ने बताया कि वे रुड़की से चले थे। उन्हें टिहरी में विवाह समारोह में जाना है, लेकिन हरिद्वार में लंबा जाम मिला। इसके बाद नेपाली फार्म से ऋषिकेश पहुंचने में करीब 40 से 50 मिनट लग गए। कहा कि आगे भी लंबा जाम है। उन्हें विवाह स्थल में समय पर पहुंचना है, लेकिन जाम के कारण देरी हो गई है।

वहीं, दूल्हा-दुल्हन की कई कारें भी जाम में फंसी दिखी। रविवार सुबह से ही रात तक ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन व ढालवाला आदि क्षेत्रों में भीषण जाम नजर आया। कई बार बाईपास से ढालवाला तक करीब दो किलोमीटर का लंबा जाम लगता रहा। वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते दिखे। इससे लोग परेशान रहे।

पुलिस कर्मियों की दिखी कमी 

ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन आदि क्षेत्रों में लंबा जाम से आमजन परेशान रहा। इस दौरान यातायात प्रबंधन में पुलिस कर्मियों की कमी भी महसूस होती रही। योगनगरी रेलवे स्टेशन से इंद्रमणी बडोनी चौक और इंद्रमणी बडोनी चौक से ढालवाला मार्ग के मध्य लगे लंबे जाम के बीच बड़े मालवाहक वाहन मुख्य मार्गों में प्रवेश करते रहे।

इससे यातायात संचालन बाधित होता रहा। इन अव्यवस्थाओं के दौरान पुलिस कर्मियों की कमी लगातार महसूस होती रही। पुलिस प्रशासन के अनुसार, बीते शनिवार व रविवार को हरिद्वार में वीवीआइपी मूवमेंट होने के कारण सभी क्षेत्रीय थानों व चौकियों के कई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिस कारण यातायात प्रबंधन में पुलिस कर्मियों की कुछ कमी है, लेकिन पुलिस कर्मी यातायात संचालन में जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- ऋषिकेश की शिवपुरी गंगा में स्नान करते समय राजस्थान के दो पर्यटक बहे, तलाश जारी

यह भी पढ़ें- जब एम्स ऋषिकेश में मां को देख भावुक हुए थे सीएम योगी, जाते समय पैर छूकर लिया था आशीर्वाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।