ऋषिकेश में राफ्टिंग प्रेमियों के लिए खुशखबरी, इस तारीख से गंगा में शुरु हो सकती है राफ्टिंग
राफ्टिंग के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है, जल्द ही गंगा नदी में रिवर राफ्टिंग का रोमांच फिर शुरू होने ...और पढ़ें
HighLights
ऋषिकेश में गंगा नदी में राफ्टिंग का रोमांच फिर शुरू होगा।
रैकी के बाद गंगा का जलस्तर राफ्टिंग के लिए उपयुक्त पाया गया।
23 सितंबर से राफ्टिंग का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। राफ्टिंग के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही गंगा नदी में रिवर राफ्टिंग का रोमांच फिर शुरू होने वाला है। विभागीय टीम ने शनिवार को गंगा नदी में रैकी कर जलस्तर को राफ्टिंग के लिए उपयुक्त बताया है।
उम्मीद है कि 23 सितंबर से गंगा में राफ्टिंग का संचालन शुरू हो जाएगा। शनिवार को प्रभागीय वनाधिकारी, वन विभाग मुनिकीरेती-नरेंद्रनगर, आईटीबीपी शिवपुरी, सिंचाई विभाग नरेंद्रनगर और गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की संयुक्त टीम ने मरीन ड्राइव से लेकर मुनिकीरेती स्थित खारास्रोत तक लगभग 25 किलोमीटर के स्ट्रेच में गंगा नदी की रैकी की।
रैकी के दौरान टीम ने 5 राफ्ट और 15 कयाक के साथ नदी के बहाव, जलस्तर और रैपिड्स का बारीकी से निरीक्षण किया। गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी ने बताया कि रैकी के दौरान गंगा का जलस्तर राफ्टिंग के लिए पूरी तरह उपयुक्त पाया गया है।
इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अनुमति मिलते ही 23 सितंबर से राफ्टिंग शुरू करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर गंगा नदी में 1 सितंबर से 30 जून तक राफ्टिंग का संचालन होता है।
जुलाई और अगस्त में मानसून के चलते नदी का जलस्तर बढ़ने से राफ्टिंग बंद रहती है। इस बार सितंबर में भी लगातार बारिश के कारण जलस्तर अधिक बना रहा, इसलिए 1 सितंबर से राफ्टिंग शुरू नहीं हो पाई थी।
रैकी टीम में अरविंद भारद्वाज, भीम सिंह चौहान, ऋषि राणा, विशाल भंडारी, रूप नरेश राणा सहित वन विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में ऐतिहासिक उपलब्धि, पहाड़ों को चीरकर 10 किमी सुरंग हुई आर-पार
यह भी पढ़ें- पूजा में घर जाना होगा आसान, कोलकाता से नई दिल्ली, ऋषिकेश और अमृतसर के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
