विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

18 करोड़ से बदलेगी बदरीनाथ हाईवे की तस्वीर, चंद्रभागा से ब्रह्मपुरी तक पर्यटकों को होगा फायदा

Published: Thu, 15 Oct 2026 01:47 PM (IST)

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रभागा से ब्रह्मपुरी तक साढ़े छह किलोमीटर के हिस्से का 18 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा।

बदरीनाथ धाम।

बदरीनाथ धाम।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

मनोज राणा , ऋषिकेश। गड्ढों में तब्दील हो चुके बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के दिन अब जल्द बदलने वाले हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग श्रीनगर को चंद्रभागा पुल से ब्रह्मपुरी तक करीब साढ़े छह किलोमीटर लंबे हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए शासन से करीब 18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और दावा किया है कि माहभर के भीतर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा।

चंद्रभागा से लक्ष्मणझूला, तपोवन होते हुए ब्रह्मपुरी तक का यह मार्ग चारधाम यात्रा का मुख्य प्रवेश द्वार है। साथ ही यह मार्ग टिहरी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग और बदरीनाथ जाने वाले लाखों यात्रियों, स्थानीय लोगों और योगनगरी आने वाले हजारों विदेशी पर्यटकों की लाइफलाइन है। बरसात के बाद यह पूरी सड़क जगह-जगह से उखड़ गई थी।

पूरी सड़क जगह-जगह से उखड़ गई

चंद्रभागा पुल, भैरव मंदिर, पुरानी चुंगी, कैलाश गेट, खारास्रोत और तपोवन में तो हालत ऐसी है कि गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ रही है। इस सड़क को अब दो भागों में बांटकर बनाया जाएगा।

चंद्रभागा, मुनिकीरेती बाजार, कैलाश गेट और तपोवन बाजार जैसे आबादी और दुकानों वाले हिस्से में जहां पानी भरने से डामर की सड़क जल्दी उखड़ जाती है, वहां करीब तीन किमी तक मजबूत सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क बनाई जाएगी।

बाकी शेष करीब साढ़े तीन किमी हिस्से में बिटुमिनस और डामर की मजबूत परत बिछाई जाएगी। राजमार्ग के दोनों किनारे पक्की नालियां, क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत भी की जाएगी।

लंबे समय से सड़क की बदहाली झेल रहे स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और टैक्सी चालक अनुसूया प्रसाद पांडेय, जीतपाल सिंह, विनोद भंडारी, विरेंद्र गुसाईं ने कहा कि ने सड़क खराब होने से पर्यटक यहां से आने से कतराते हैं साथ ही वाहनों का मेंटेनेंस खर्च कई गुना बढ़ गया है। राजमार्ग का निर्माण कार्य होने से पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों को इसमें सहूलियत होगी।

चंद्रभागा से लेकर ब्रह्मपुरी तक बदरीनाथ राजमार्ग के करीब साढ़े छह किमी सड़क के मरम्मतीकरण के लिए शासन स्तर से करीब 18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। विभागीय स्तर पर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। - राजवीर चौहान, अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोनिवि श्रीनगर

यह भी पढ़ें- 20 से 30 अक्टूबर के बीच उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं पीएम मोदी, केदारनाथ-बदरीनाथ जाने की संभावना

यह भी पढ़ें- चारधाम यात्री भरेंगे फर्राटा... रुद्रप्रयाग बाईपास प्रोजेक्ट पूरा, केदारनाथ और बदरीनाथ के बीच नहीं मिलेगा जाम