Coronavirus: नाइजीरिया से भाई के घर आए युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव Dehradun News
सेलाकुई में अपने भाई के घर पर क्वारंटाइन बागेश्वर के युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दिल्ली से लौटते समय 21 जून को आशारोडी चेकपोस्ट पर युवक का सैंपल लिया गया था।
देहरादून, जेएनएन। सेलाकुई में अपने भाई के घर पर क्वारंटाइन बागेश्वर के युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दिल्ली से लौटते समय 21 जून को आशारोडी चेकपोस्ट पर युवक का सैंपल लिया गया था।
मूल रूप से बागेश्वर निवासी युवक नाइजीरिया के एक होटल में नौकरी करता है। वह अपने भाई के यहां पर सेलाकुई में आया था, जिसे सेलाकुई में ही क्वारंटाइन किया गया था। रिपोर्ट पाजिटिव आने पर सीएचसी सहसपुर की नोडल अधिकारी डॉ. विनीता स्याना ने सेलाकुई थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा की मौजूदगी में युवक को दून अस्पताल भेजा। जहां पर युवक को भर्ती किया गया है।
मूल रूप से बागेश्वर निवासी युवक नाइजीरिया के एक होटल में काम करने वाले युवक का भाई सेलाकुई में रहता है। उसके भाई का परिवार आजकल अपने पैतृक गांव में है। इसके कारण मकान खाली पड़ा है। इसी मकान में युवक क्वारंटाइन चल रहा था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर पुलिस व प्रशासनिक टीम सतर्क हो गई।
फौजी की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव
जौनसार के लखवाड़ क्षेत्र के पूर्व फौजी की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने से उसे एमएच अस्पताल देहरादून से छुट्टी मिल गई। तीन दिन उपचार के बाद स्वस्थ्य होकर अपने घर लौटे पूर्व फौजी के स्वजनों व अन्य लोगों ने खुशी जताई। कोरोना से जंग जीतकर घर लौटे पूर्व फौजी ने कहा वह कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह पालन करते आ रहे हैं।
वायरस संक्रमण रोकने में बनें सहायक: नवप्रभात
विकासनगर में बंकिम मेमोरियल एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से कोरोना संक्रमण से बचाव को चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर व आसपास के ग्रामीण इलाकों के मंदिर, मस्जिद व गुरद्वारे में सैनिटेशन मशीन लगाई गई। फाउंडेशन चेयरमैन व पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी के सहयोगी की जरूरत है।
श्रमिकों की सहायता कर रही सरकार: मुन्ना सिंह चौहान
विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के बद्रीपुर गांव में श्रम विभाग की ओर से श्रमिक कार्ड धारकों को राशन किट प्रदान किया गया। वितरण कार्यक्रम में मौजूद विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि सरकार श्रमिकों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, आर्थिक रूप से लाभान्वित करने के साथ-साथ उनके रोजगार को लेकर भी सरकार कदम उठा रही।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड में कोरोना टेस्ट के नए सिरे से रेट होंगे तय
बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर भाजयुमो ने बांटे सैनिटाइजर
सहसपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प पत्र वितरित किए। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आदूवाला व जुडली में चलाए गए अभियान में भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शिवम गोयल ने कहा कि संकल्प पत्र में मुख्य रूप से राष्ट्रीय एकता की भावना, लोकतंत्र के मूल्यों, आदि का संदेश है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: कोटद्वार में पांच लोग हुए डिस्चार्ज, मासूम सहित तीन में संक्रमण