भगवान श्रीराम के तीर से नहीं रिमोट से जलेगा 181 फीट ऊंचा रावण, उत्तराखंड की राजधानी में इस बार लंका दहन खास
देहरादून में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी 20 अक्टूबर को 79वां दशहरा महोत्सव मनाएगी। परेड ग्राउंड में 181 फीट ऊंचे रावण, ...और पढ़ें

बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से होगा 79वें दशहरा महोत्सव का आयोजन.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को परेड ग्राउंड में 79वां दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। इस बार परेड ग्राउंड में 181 फीट ऊंचे के रावण के पुतले का दहन होगा। इसके साथ ही कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतले सहित लंका का भी दहन होगा।
इस महोत्सव में हजारों की संख्या में दूनवासी शामिल होते हैं। इस बार भी रावण का दहन रिमोट से किया जाएगा। इसके लिए पुतले में 10 बम लगाए गए हैं। कमेटी का दावा है कि परेड ग्राउंड में बनाया गया रावण का पुतला देश के ऊंचे रावण के पुतले में शामिल है।
निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा
शुक्रवार को परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता की। कमेटी के अध्यक्ष संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि परेड ग्राउंड में रावण के पुतले के दहन से पहले भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो कालिका मार्ग से होते हुए पलटन बाजार, घंटाघर से परेड ग्राउंड पहुंचेगी।
इसके बाद सबसे पहले लंका का दहन होगा। पिछली बार बिरादरी की ओर से परेड ग्राउंड में 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया था। इस बार इसकी ऊंचाई और बढ़ा दी गई।
महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस बार जहां से शोभायात्रा आती है, वहां से परेड ग्राउंड में किसी का भी प्रवेश नहीं होगा। वीआईपी, आम लोगों के लिए अलग से एंट्री होगी। परेड ग्राउंड में महोत्सव के दिन चार बजे तक ही प्रवेश मिल सकेगा।
21 लाख का खर्च, तीन गेट से होगा प्रवेश
परेड ग्राउंड में इस बार 181 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ समेत लंका बनाने के लिए 21 लाख रुपये खर्च हुए है। समिति ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में इसका दावा किया है। वहीं, महोत्सव के दिन परेड ग्राउंड में तीन गेट से प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए एक वीआईपी, एक समिति के सदस्य व अन्य और एक गेट से जनता को प्रवेश दिया जाएगा। परेड ग्राउंड में 3.5 हजार कुर्सी लगाई जाएगी।
