ऋषिकेश के राजेश की चित्रकला को कैलिफोर्निया में मिली सराहना
चित्रकार राजेश ने अंतरराष्ट्रीय कला प्रतियोगिता में पुरस्कार जीता है। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिता में विश्वभर के चित्रकारों ने अपनी प्रविष्टियां भेजी थी।
ऋषिकेश, जेएनएन। तीर्थनगरी के युवा चित्रकार राजेश चन्द्र ने अंतरराष्ट्रीय कला प्रतियोगिता में पुरस्कार जीता है। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वभर के चित्रकारों ने अपनी प्रविष्टियां भेजी थी।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में कैलिफोर्निया के पर्यावरण संरक्षण ऑर्गनाइजेशन हेयर्स टू अवर ओसन की ओर से इस कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वभर से प्रतिभागियों ने अपनी कला के जरिये पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। राजेश ने अपने चित्र 'हर दिन भूमि दिवस' की थीम पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने चित्र में दर्शाया कि हम प्लास्टिक के बने डिस्पोजल ग्लास, कोल्ड्रिंक स्ट्रॉ व डिस्पोजल आइसक्रीम कप का बहिष्कार कर उनकी जगह इको फ्रेंडली तरीके से पर्यावरण को बचा सकते हैं।
उन्होंने अपनी पेटिंग में दिखाया कि एक बुजुर्ग नारियल पानी को धान के बने स्ट्रा से पी रहा है। वहीं एक छोटा बच्चा उस खाली नारियल को एक छोटा पौधा लगाने के लिए इस्तेमाल कर रहा है। राजेश की इस पेंटिंग में उन्होंने यह भी बताया कि कैसे हम उत्तराखंड में गढ़वाल की शादियों में पत्ते से बनी कटोरी व प्लेट का इस्तेमाल कर पर्यवारण का संतुलन बनाये रखने में लगे हैं। इन सब उपाय की विदेशी ऑर्गनाइजेशन ने खूब सराहना की।
यह भी पढ़ें: दून की वसुंधरा जरूरतमंदों को बांट रहीं मास्क, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने की तारीफ
आयोजकों ने माना कि भारतीय दिनचर्या में पर्यावरण को हमेशा ही पूजनीय माना गया है। इन मान्यताओं से पर्यवरण को काफी हद तक संरक्षित किया जा सकता है। पुरस्कार स्वरूप राजेश को ओसेनिया के पलाउ में होने वाली आगामी ओसन यूथ समिट में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। भारत से राजेश के साथ साथ इस प्रतियोगिता में न्यूजीलैंड, यूनाइटेड स्टेट्स व जर्मनी के विजेता भी शामिल हैं।