इगास को लेकर राघव जुयाल का खास संदेश, कहा- 'पहाड़ की इस परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय सांसद अनिल बलूनी को'
बॉलीवुड अभिनेता राघव जुयाल ने प्रदेशवासियों से 20 नवंबर को इगास पर्व हर्षोल्लास से मनाने की अपील की है।

बॉलीवुड अभिनेता एवं कोरियोग्राफर राघव जुयाल
HighLights
राघव जुयाल ने 20 नवंबर को इगास पर्व मनाने की अपील की।
सांसद अनिल बलूनी को इगास की वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय।
इगास पर्व भगवान राम के लौटने और बूढ़ी दीपावली से जुड़ा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकपर्व इगास को लेकर बॉलीवुड अभिनेता एवं कोरियोग्राफर राघव जुयाल ने प्रदेशवासियों को विशेष संदेश दिया है। उन्होंने इगास पर्व पर एक सुंदर वीडियो अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए सभी से 20 नवंबर को इस लोकपर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारी लोकसंस्कृति और परंपराओं की पहचान इगास आज देश-विदेश में भी लोकप्रिय हो रहा है।
राघव जुयाल ने इगास पर्व का पौराणिक गौरव लौटाने और इसे व्यापक पहचान दिलाने का श्रेय गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को दिया। उन्होंने कहा कि सांसद बलूनी पहले दिल्ली में इगास का आयोजन करते हैं और फिर अपने पैतृक गांव पौड़ी पहुंचकर ग्रामीणों के बीच यह पर्व मनाते हैं। इससे लोकपर्व को नई पहचान मिली है।
राघव ने अपने दादा-दादी से सुनी इगास की मान्यताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मान्यता है कि भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या लौटने की सूचना पहाड़ के लोगों को 11 दिन बाद मिली थी। इसी कारण इगास को बूढ़ी दीपावली भी कहा जाता है।
वहीं, वीर माधो सिंह भंडारी के लंबे समय बाद अपने गांव लौटने की स्मृति भी इस पर्व से जुड़ी मानी जाती है। उन्होंने प्रदेशवासियों को इगास की शुभकामनाएं देते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अब IAS और PCS संभालेंगे मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था, डॉक्टरों पर प्रशासनिक बोझ होगा कम