शराब कांड के बाद दूरदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट
दूरदर्शन केंद्र, देहरादून में शराब कांड के बाद अब सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट डाली गर्इ है। जिससे दूरदर्शन केंद्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
देहरादून, [जेएनएन]: देहरादून स्थित दूरदर्शन केंद्र में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दूरदर्शन में कुछ लोगों को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट की गई। इस पोस्ट को लेकर दूरदर्शन केंद्र में चर्चाओं का बाजार गरम रहा।
दरअसल, बीते दिनों दूरदर्शन केंद्र, देहरादून में तिरंगे के बगल में शराब की बोतल रखी वीडियो वायरल हुई थी। इसे लेकर दिल्ली तक हड़कंप मच गया था। हालांकि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इस प्रकरण में जांच के आदेश दे दिए हैं। सूत्रों की मानें तो सोशल मीडिया पर डाला गया वीडियो एक साल पुराना बताया गया, लेकिन तब शिकायतकर्ता द्वारा इसे उच्चाधिकारियों को भेजने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया गया।
इस बीच गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाल दी गई। इसमें केंद्र में काम करने वाले कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस पोस्ट में यह भी कहा गया है कि केंद्र में आए दिन शराब पी जाती है। यह उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहले से है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पोस्ट में देहरादून के साथ देश के कुछ और दूरदर्शन केंद्रों में इस तरह की गतिविधियां चलने का आरोप लगाया गया है।
जांच टीम ने डाला डेरा
दूरदर्शन में शराब कांड की जांच के लिए दिल्ली से टीम देहरादून पहुंच गई है। गुरुवार को जांच टीम ने दूरदर्शन केंद्र के स्टाफ और वीडियो में दिख रहे लोगों के बयान दर्ज किए।
यह भी पढ़ें: दक्षिण अफ्रीका के इन दो बैंकों से लोन देने के मामले में जवाब तलब
यह भी पढ़ें: अनिल गुप्ता के नाम पर हैं अटैच की गईं संपत्तियां, दून का बंगला सबसे महंगा
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जुमा के करीबी अजय गुप्ता देहरादून से गायब