यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला से पूछताछ
भाजपा विधायक महेश नेगी पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला से पुलिस क्षेत्रधिकारी (सीओ) सदर अनुज कुमार ने गुरुवार को पूछताछ की।

देहरादून, जेएनएन। भाजपा विधायक महेश नेगी पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला से पुलिस क्षेत्रधिकारी (सीओ) सदर अनुज कुमार ने गुरुवार को पूछताछ की। करीब एक घंटे चली पूछताछ में सीओ ने महिला से विधायक के खिलाफ दी गई तहरीर के आधार पर कई सवाल किए। उससे पूछा गया कि विधायक से कैसे मुलाकात हुई, घूमने के लिए वह कहां-कहां गए और उनके बीच आखिरी बातचीत कब हुई।
सीओ सदर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दिए गए दस्तावेजों का अवलोकन किया जा रहा है। इस मामले के पहले विवेचक नेहरू कॉलोनी पुलिस चौकी के इंचार्ज धनीराम पुरोहित ने भी कुछ जांच की है। उसका भी अध्ययन किया जा रहा है। महेश नेगी अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट सीट से विधायक हैं।
विधायक के बेटे और महिला के पति के भी दर्ज होंगे बयान: सीओ सदर ने बताया कि इस मामले में विधायक के बयान बुधवार को दर्ज किए जा चुके हैं। विधायक के बेटे और महिला के पति को भी बयान देने के लिए बुलाया गया है।
महिला दारोगा जांच टीम में शामिल
डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने बुधवार को मामले की विवेचना नेहरू कॉलोनी थाने से हटाकर सीओ सदर को सौंप दी थी। गुरुवार को नेहरू कॉलोनी थाने की महिला दारोगा सोनल पुरी को भी जांच टीम में शामिल किया गया।
यह भी पढ़ें: भाजपा विधायक महेश नेगी ने सीओ के समक्ष दर्ज कराए बयान
अरुण मोहन जोशी (डीआइजी देहरादून) का कहना है कि दोनों पक्षों से मिल रही हर शिकायत को जांच में शामिल किया जा रहा है। महिला ने जान को खतरा होने की शिकायत भी की है। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष को उसकी सुरक्षा के लिए निर्देशित किया गया है। मामले की जांच निष्पक्षता से की जाएगी, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
