यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहरादून के डालनवाला में दो स्मैक तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे, साढ़े सात ग्राम स्मैक बरामद
डालनवाला कोतवाली और नगर कोतवाली पुलिस ने 7.60 ग्राम स्मैक के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। डालनवाला कोतवाली ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। देहरादून के डालनवाला कोतवाली और नगर कोतवाली पुलिस ने 7.60 ग्राम स्मैक के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। डालनवाला कोतवाली के इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि सूरज बस्ती वाले मार्ग से एक व्यक्ति को पकड़ा गया, उसके पास से छह ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपित की पहचान भूरा निवासी भगवानपुर हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं नगर कोतवाली पुलिस ने विशाल शर्मा निवासी इंद्रा कॉलोनी को 1.60 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
मारपीट में पांच के खिलाफ मुकदमा
प्रेमनगर थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में दोनों पक्षों के पांच व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि राघव विहार निवासी निभा कुमारी की शिकायत पर पड़ोस में रहने वाली संध्या व बीना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं संध्या निवासी राघव विहार की शिकायत पर निभा, पुष्पा व नाजिम के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक को किया सम्मानित
राष्ट्रीय महिला आयोग के 29वें स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कोरोनाकाल में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए देश भर की महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उत्तराखंड पुलिस से अपर पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर ममता वोहरा को सराहनीय कार्य के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावेड़कर ने सम्मानित किया।
सैनिकों को दी सड़क सुरक्षा की जानकारी
ऋषिकेश में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय की टीम ने रायवाला छावनी में सैनिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान परिवहन अधिनियम से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। आरटीओ ऋषिकेश अरविंद पांडे ने बताया कि विभाग प्रतिदिन सड़क सुरक्षा माह के तहत जन जागरण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
यहां के प्रमुख संस्थानों और विभागों में जाकर उपस्थित कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है। रायवाला छावनी में मंगलवार को परिवहन कर अधिकारी प्रथम पंकज श्रीवास्तव और टीम ने सैनिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित लाइट और चिह्नों के बारे में भी जानकारी दी गई। सैनिकों को बताया गया कि अन्य प्रांतों से वाहनों का हस्तांतरण किस प्रक्रिया के तहत होता है। हेलमेट के प्रयोग को लेकर भी सभी को प्रेरित किया गया।
