यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सरकारी योजना के नाम पर ऑर्डनेंस फैक्ट्री के सेवानिवृत कर्मचारी को ठगने वाला गिरफ्तार
सरकारी योजना के नाम पर ऑर्डनेंस फैक्ट्री के सेवानिवृत कर्मचारी से ठगी करने वाले एक शातिर को वसंत विहार थाना ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। सरकारी योजना के नाम पर ऑर्डनेंस फैक्ट्री के सेवानिवृत कर्मचारी से ठगी करने वाले एक शातिर को वसंत विहार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र चौहान ने बताया कि भागीरथीपुरम जीएमएस रोड निवासी इंद्रसेन भाटिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जनवरी को दोपहर करीब डेढ़ बजे एक शातिर स्कूटी पर उनके घर के बाहर पहुंचा।
आरोपित ने खुद को ऑर्डनेंस फैक्ट्री का कर्मचारी बताकर इंद्रसेन भाटिया को झांसे में ले लिया। आरोपित ने बताया कि ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए सरकार की ओर से एक योजना शुरू की गई है। इसमें पेंशनरों को दो इंडक्शन चूल्हे खरीदने पर 51 हजार रुपये का चेक दिया जा रहा है। योजना का फायदा उठाने के लिए 18 हजार रुपये, आधार कार्ड व ऑर्डनेंस का पेंशनभोगी पहचान पत्र देना होगा। चेक ऑर्डनेंस ऑफिस जाने पर ही प्राप्त होगा।
शातिर के झांसे में आकर इंद्रसेन भाटिया ने उसे 18 हजार रुपये, आधार कार्ड और पेंशनभोगी पहचान पत्र दे दिए। आरोपित पैसे और दस्तावेज लेकर दो इंडक्शन चूल्हे पकड़े गए और बिना नंबर की स्कूटी से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व पूछताछ के बाद आरोपित को हरिद्वार कनखल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान अनिल कपूर निवासी बद्री विहार जगजीतपुर कनखल हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपित के पास से आधार कार्ड, पेंशनभोगी पहचानपत्र, 12 हजार रुपये और एक बिना नंबर की स्कूटी बरामद की गई है।
