विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पुलिस ने किया चार चेन स्नेचिंग मामलों का खुलासा, 3 दबोचे

By Gaurav KalaEdited By:
Published: Sat, 25 Feb 2017 05:15 PM (IST)Updated: Sun, 26 Feb 2017 06:30 AM (IST)

देहरादून पुलिस ने बाइक सवार तीन शातिरों को गिरफ्तार कर चार चेन स्नेचिंग की वारदातों का खुलासा किया है।

पुलिस ने किया चार चेन स्नेचिंग मामलों का खुलासा, 3 दबोचे
पुलिस ने किया चार चेन स्नेचिंग मामलों का खुलासा, 3 दबोचे

 विकासनगर, [जेएनएन]: कोतवाली व सहसपुर की संयुक्त टीम ने लांघा रोड से बाइक सवार तीन शातिरों को गिरफ्तार कर चार चेन स्नेचिंग की वारदातों का खुलासा किया है। तीनों शातिर किस्म के हैं, एक आरोपी पर लूट आदि के सात व बाकी दो पर दो-दो मुकदमें दर्ज हैं। तलाशी में पुलिस ने सोने की दो चेन व 42 हजार रुपये की नगदी भी बरामद की है। पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। 

बता दें कि थाना सहसपुर के जमनपुर, प्रगतिविहार सेलाकुई, चोई बस्ती में तीन महिलाओं के गले से बाइक सवारों ने सोने की चेन झपट ली थी। इसके अलावा विकासनगर के एनफील्ड में व्यापारी की पत्नी के गले से सोने की चेन झपटी गयी थी।
चारों मामलों में संबंधित थानों में चेन लूट के मामले दर्ज हुए थे। बढ़ती वारदातों को देखते हुए एसएसपी व एसपी देहात के निर्देशानुसार सीओ पंकज गैरोला ने विकासनगर व सहसपुर थाने की संयुक्त टीम चेन स्नेचिंग वारदातों के खुलासे के लिए लगायी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले व इलेक्ट्रानिक सर्विलांस का सहारा लिया और कुछ महत्वपूर्ण जानकारी जुटायी।
बीती देर सायं मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि चेन स्नेचिंग करने वाले चेन बेचने के लिए हरबर्टपुर के रास्ते सहारनपुर जाने वाले हैं, जिस पर पुलिस ने लांघा रोड के पास चेकिंग शुरू कर दी। सहसपुर की ओर से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए, मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मिलान होने पर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
आरोपियों ने अपनी पहचान सलमान पुत्र साजिद अली मूल निवासी नूरबस्ती मालवीय नगर जिला सहारनपुर यूपी व हाल निवासी रामपुर कलां सहसपुर, मुसतकीम अंसारी उर्फ भोला पुत्र मौरफिक मियां मूल निवासी लालगढ़ थाना मेगा पटटी जिला पश्चिम चंपारण बेतिया बिहार व हाल निवासी रामपुर कलां सहसपुर और अवनीश धीमान उर्फ दीपक पुत्र राजपाल धीमान मूल निवासी ग्राम पांडेवाला खाला चौक थाना देवबंद जिला सहारनपुर व हाल निवासी सहस्रधारा रोड थाना रायपुर देहरादून के रूप में बतायी।
तलाशी में सलमान की जेब से एक सोने की चेन बरामद हुई, जो उसने व दीपक ने चोई बस्ती की शैलेश लता से रामपुर बाजार में छीनी थी। मुस्तकीम की तलाशी में सलमान के साथ विकासनगर की मीनू से लूटी गयी चेन बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि दो चेन वे बेच चुके हैं, जिसके रुपये घर पर रखे हैं। 
जिस पर पुलिस ने सलमान के घर से 32 हजार रुपये व दीपक के घर से दस हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता चौबे ने पत्रकार वार्ता में खुलासा किया कि आरोपी सलमान पर सात व बाकी दो आरोपियों पर दो दो मुकदमें दर्ज हैं। तीनों विकासनगर व सहसपुर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।