गढ़वाल के साथ ही कुमाऊं में होगी मोदी और शाह की एक जनसभा
गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की एक एक सभा होगी।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। देहरादून लोकसभा चुनाव के दौरान गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की एक-एक सभा होगी। प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च को ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर में इस चुनाव के लिए पहली सभा को संबोधित करेंगे। उनका यह प्रारंभिक कार्यक्रम प्रदेश भाजपा को मिल चुका है। इसके बाद आठ अप्रैल को गढ़वाल मंडल में श्रीनगर में भी मोदी की सभा संभावित है।
अलबत्ता, भाजपा अध्यक्ष शाह की सभाओं की तिथियां और स्थल अभी तय होने बाकी हैं। भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व की ओर से लोस चुनाव के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष शाह की गढ़वाल व कुमाऊं के लिए दो-दो सभाएं मांगी गई थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड के दोनों मंडलों के लिए एक-एक सभा निर्धारित की हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 28 मार्च का प्रारंभिक कार्यक्रम भी प्रांतीय नेतृत्व को मिल चुका है। भाजपा के प्रदेश कार्यालय सचिव पुष्कर काला ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की यह सभा ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल में श्रीनगर में आठ अपै्रल को प्रधानमंत्री की सभा का कार्यक्रम तय हो रहा है, मगर अभी इसका प्रारंभिक कार्यक्रम नहीं मिला है। कार्यालय सचिव काला के अनुसार भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की भी दो सभाएं राज्य को मिली हैं।
यह भी प्रधानमंत्री मोदी की भांति गढ़वाल व कुमाऊं में होंगी। इनकी तिथियां और स्थल जल्द ही तय किए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नामांकन होने के बाद केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं की जगह-जगह चुनावी सभाएं होंगी।
यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019: देवभूमि में सियासी समर को तैयार भाजपा की फौज
यह भी पढ़ें: Loksabha Election 2019: महासमर में दांव पर लगी है प्रतिष्ठा और निष्ठा भी
यह भी पढ़ें: Loksabha Election 2019: राजशाही छूटी, लेकिन लोकशाही में बरकरार रही बादशाह