प्रीतम सिंह ने चुनाव के दौरान गुटबंदी से किया इन्कार, पढ़िए पूरी खबर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्य में लोकसभा चुनाव के मौके पर पार्टी के भीतर किसी भी तरह गुटबंदी हावी रहने से इन्कार किया है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्य में लोकसभा चुनाव के मौके पर पार्टी के भीतर किसी भी तरह गुटबंदी हावी रहने से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की पांचों सीटों पर पूरी पार्टी और प्रत्याशियों ने मजबूती से चुनाव लड़ा है। भाजपा सांसद और सरकार अपनी एक भी उपलब्धि जनता के सामने नहीं रख सके। इस वजह से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगे कर वोट मांगना पड़ा है। उन्होंने दावा दोहराया कि कांग्रेस पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह 23 अप्रैल से चार मई तक अमेठी और रायबरेली लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।
शनिवार को मीडिया की ओर से पार्टी के भीतर गुटबंदी और प्रदेश के कई नेताओं की ओर से अपने लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों का प्रचार करने के बजाए कुछ दिग्गज प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में खुद को झोंकने के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी नेताओं ने जहां उनकी उपयोगिता थी, उसी के अनुरूप में चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया।
पार्टी प्रदेश में चुनाव के दौरान पूरी तरह सक्रिय रही। इसका असर चुनाव नतीजों पर दिखेगा। 108 सेवा बंद होना दुर्भाग्यपूर्ण प्रदेश में 108 सेवा ठप होने को लेकर भी उन्होंने प्रदेश और केंद्र की सरकारों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अधीन है।
विभाग की बदहाली का आलम ये है कि प्रसव सड़कों पर हो रहा है। अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं। डबल इंजन के बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब है। इस वजह से लाइफलाइन समझी जाने वाली 108 सेवा बंद पड़ी है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के सीएम चुनाव प्रचार के लिए राजस्थान रवाना
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री के दरबार में सुलझा दो विधायकों के बीच चल रहे जुबानी जंग का मसला