विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड में 112 पर क्वारंटाइन उल्लंघन की फर्जी शिकायतों का अंबार

By Bhanu Prakash SharmaEdited By:
Published: Mon, 25 May 2020 01:17 PM (IST)

डीजीपी अनिल रतूड़ी ने 16 मई को होम क्वारंटाइन के नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायत डायल 112 पर ...और पढ़ें

उत्तराखंड में 112 पर क्वारंटाइन उल्लंघन की फर्जी शिकायतों का अंबार
उत्तराखंड में 112 पर क्वारंटाइन उल्लंघन की फर्जी शिकायतों का अंबार

देहरादून, सोबन सिंह गुसांई। इसे कोरोना फोबिया कह लीजिए या सतर्कता की आड़ में सिस्टम से खिलवाड़। डीजीपी अनिल रतूड़ी ने 16 मई को होम क्वारंटाइन के नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायत डायल 112 पर करने का निर्देश क्या दिया कि इस हेल्पलाइन पर शिकायतों का अंबार लग गया। कोई होम क्वारंटाइन के उल्लंघन की सूचना दे रहा है तो कोई यह बताने के लिए 112 पर कॉल कर रहा है कि उसका पड़ोसी बाहर से चोरी-छिपे घर पहुंच आया है। 

पुलिस की परेशानी यह है कि ऐसी अधिकांश सूचनाएं गलत या झूठी निकल रही हैं। 14 दिन का होम क्वारंटाइन पूरा करने के बाद घर से निकलने पर भी लोग इसकी शिकायत 112 पर कर रहे हैं। 17 से 23 मई के बीच होम क्वारंटाइन के उल्लंघन की डायल 112 पर प्रदेशभर से 564 कॉल ऐसी आईं, जो फर्जी थीं। इसी तरह दून में ऐसी कॉल की संख्या 274 रही। 

होम क्वारंटाइन

प्रदेशभर से शिकायतें------------826

जनपद से शिकायतें-------------280

इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन

प्रदेशभर से शिकायतें-----------280

जनपद से शिकायतें--------------26

होम क्वारंटाइन के उल्लंघन में मुकदमे

प्रदेशभर में-----------------------246

देहरादून में------------------------06

केस-1

आइएसबीटी चौकी इंचार्ज विवेक भंडारी ने बताया, उन्हें शिकायत मिली थी कि धारा चौकी क्षेत्र से पिता-पुत्र दिल्ली गए और वहीं रह गए। चालक वापस आकर अपने घर में ही रहा। किसी ने सूचना दे दी कि ड्राइवर टैक्सी स्टैंड पर घूम रहा है। जब चीता पुलिस मौके पर पहुंची तो ड्राइवर घर में सो रहा था।

केस-2

पटेलनगर बाजार चौकी के एसओ नवीन जोशी ने बताया, शनिवार को उन्हें फोन आया था कि एक पार्षद जिसे होम क्वारंटाइन किया गया था, वह बाहर घूम रहा है। तुरंत चीता को भेजा गया। पता चला कि व्यक्ति की क्वारंटाइन अवधि 22 मई को समाप्त हो चुकी है। इसलिए वह बाहर घूम रहा था।

यह भी पढ़ें: Lockdown का उल्लंघन करना पड़ा भारी, 597 लोगों को किया गिरफ्तार

केस-3

धारा चौकी इंचार्ज शिशुपाल सिंह राणा के अनुसार थाने में फोन आया कि एक व्यक्ति मोहल्ले में बाहर से आया है। उसका मेडिकल नहीं हुआ है। चीता पुलिस को भेजा गया तो पता चला कि वह मेडिकल परीक्षण के बाद ही घर पर पहुंचा है और घर पर क्वारंटाइन है। बताया कि इसी तरह प्रतिदिन तीन से चार फोन आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: लॉकडाउन के उल्लंघन में उत्‍तराखंड में 49 मुकदमे दर्ज, 386 लोग गिरफ्तार