यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CBSE Board Exam: एडमिट कार्ड पर प्राचार्य के साथ परीक्षार्थी के भी हस्ताक्षर
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड पर प्राचार्य के साथ ही परीक्षार्थी के भी हस्ताक्षर होंगे। इसके लिए बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं।

देहरादून, जेएनएन। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड पर प्राचार्य के साथ ही परीक्षार्थी के भी हस्ताक्षर होंगे। इसके लिए बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं। छात्रों को प्रवेश पत्र की त्रुटि में सुधार कर स्कूल से उसे सत्यापित करना है।
सीबीएसई फरवरी प्रथम सप्ताह में ऑनलाइन प्रवेश पत्र जारी करेगा। स्कूल अपने यूजर आइडी से प्रवेश पत्र का प्रिंट लेकर छात्रों को देंगे। इस दौरान छात्र और स्कूल को प्रवेश पत्र की अच्छी से जांच करने का निर्देश दिया गया है। छात्र के प्रवेश पत्र में नाम, विषय, रोल नंबर आदि को लेकर कोई भी त्रुटि होगी, तो उसमें परीक्षा से पहले ही सुधार करना होगा। यह काम प्राचार्य करेंगे। इसके बाद प्राचार्य के हस्ताक्षर और संबंधित स्कूल द्वारा प्रवेश पत्र को सत्यापित किया जाएगा। सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह के अनुसार कोई भी छात्र प्रवेश पत्र के त्रुटि में सुधार बाद में नहीं करवा पाएगा।
छात्रों से भरवाना है शपथ पत्र
बोर्ड ने तमाम स्कूलों को निर्देश दिया है कि हर छात्र से इस बात की पुष्टि करें कि प्रवेश पत्र पर दी गई सारी जानकारी सही हैं, या नहीं। इसके लिए सभी छात्रों से शपथ पत्र भरवाया जाएगा। इसके साथ छात्र के हस्ताक्षर और स्कूल स्टांप के साथ एडमिट कार्ड जारी होगा। इस बार प्राइवेट परीक्षार्थियों को भी एडमिट कार्ड पर हस्ताक्षर करना अनिवार्य है। अगर प्रवेश पत्र पर परीक्षार्थी की फोटो नहीं होगी तो उस पर नई फोटो चिपका कर प्राचार्य द्वारा सत्यापित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: छात्रों की शरारत पर गुस्सा नहीं प्यार से समझाएंगे शिक्षक, पढ़िए पूरी खबर
फ्लाइंग छात्रों की होगी पकड़
प्रवेश पत्र का परीक्षार्थी और प्राचार्य के हस्ताक्षर के पीछे बोर्ड का मकसद फ्लाइंग छात्रों को पकड़ना हैं। ऐसे भी मामले पकड़ में आए हैं, जहां अलग-अलग नामों से परीक्षा फार्म भरवा दिया जाता है और परीक्षा के बाद त्रुटि सुधार करवाया जाता है। इससे बड़ी आसानी से फ्लाइंग परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो जाते हैं, लेकिन अब ऐसे परीक्षाथी को बोर्ड द्वारा आसानी से पकड़ा जा सकेगा।