हरीश रावत को श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अनुमति नहीं, 28 जून को पूरी होगी क्वारंटाइन अवधि
पूर्व सीएम हरीश रावत को गलवान में शहीद भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को शहीद स्थल या गांधी मूर्ति के नीचे बैठने की अनुमति जिला प्रशासन ने नहीं दी है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत को गलवान में शहीद भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को शहीद स्थल या गांधी मूर्ति के नीचे बैठने की अनुमति जिला प्रशासन ने नहीं दी है। प्रशासन ने 28 जून को पूरी हो रही उनकी क्वारंटाइन अवधि से पहले यह इजाजत देने से इनकार कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस पर आपत्ति करते हुए कहा कि उनके नागरिक अधिकार को निलंबित नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी नेताओं और प्रदेश संगठन को भारत-चीन सीमा पर गलवान घाटी में शहीद भारतीय सैनिकों की स्मृति में शुक्रवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके मद्देनजर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गुरुवार को जिलाधिकारी को पत्र भेजकर उक्त अनुमति चाही थी। पत्र में उन्होंने कहा कि वह अकेले ही शुक्रवार को शहीदों की स्मृति में सुबह 11 से 12 बजे तक बैठेंगे। इसके तत्काल बाद घर लौट जाएंगे। जवाब में उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह बनवाल ने उनके विशेष कार्याधिकारी चंदन सिंह जीना को पत्र भेजकर स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए अनुमति देने से इन्कार किया है। पत्र में कहा गया कि क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद ही अग्रिम कार्यवाही उचित रहेगी।
पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी का विरोध
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि का विरोध किया है। इनके दाम में की गई वृद्धि वापस लेने की मांग की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा ने कहा है कि वर्तमान में कोविड संक्रमण के कारण लोग आर्थिक संकट झेल रहे हैं। उद्योग, व्यापार, पर्यटन, तीर्थाटन, ट्रांसपोर्ट आदि व्यापार लगभग 20 से 30 फीसद ही रह गया है। शीघ्र सुधार होने की उम्मीद भी कम है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं को जुटाना भी आम लोगों के लिए कठिन हो गया है।
सरकार को पेट्रो पदार्थों के बढ़ाए दाम जल्द वापस लेने चाहिए। प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्र और प्रदेश संयुक्त महामंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बैंक ऋण, बिजली पानी के बिल, घर-प्रतिष्ठानों का किराया, कर्मचारियों की तनख्वाह देना उद्योगों और व्यापारियों के लिए मुश्किल हो चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सरकार को महंगाई नहीं करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत गलवान में सैनिकों के बलिदान के सम्मान में बैठेंगे धरने पर
प्रदेश कांग्रेस कमेटी देगी शहीदों को श्रद्धांजलि
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शुक्रवार को सभी जिला, शहर, ब्लॉक मुख्यालयों पर भारत-चीन सीमा पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इस संबंध में सभी इकाइयों को निर्देश दिए हैं। प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि शुक्रवार को पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में इजाफा करने के विरोध में जिला मुख्यालयों पर प्रस्तावित प्रदर्शन अब 29 जून को होगा।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ फूंका भाजपा सरकार का पुतला Dehradun News