एम्स ऋषिकेश में भर्ती घायल साथी से मिले निहंग, संगत से शांति की अपील की
निहंगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एम्स ऋषिकेश में भर्ती अपने घायल साथी से मुलाकात की और उपचार पर संतोष जताया।

एम्स ऋषिकेश में भर्ती अपने साथी से मिला निहंगों के एक प्रतिनिधिमंडल।
HighLights
निहंगों ने एम्स ऋषिकेश में घायल साथी से मुलाकात की
उपचार पर संतोष जताते हुए शांति बनाए रखने की अपील
कर्णप्रयाग विवाद के बाद एम्स में भर्ती हुए थे निहंग
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। निहंगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एम्स ऋषिकेश में भर्ती अपने साथी से मुलाकात की और इंटरनेट मीडिया पर वीडियो डालकर एम्स में उपचार पर संतोष जताया। उन्होंने सभी संगत से शांति बनाए रखने की अपील की।
बीते दिनों कर्णप्रयाग में निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया था। इसमें स्थानीय लोग और एक निहंग घायल हुआ था। घायल निहंग को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया।
कुल्हाल चेक पोस्ट पर रोके जाने के बाद निहंगों की प्रशासन के साथ वार्ता हुई थी। जिसमें कर्णप्रयाग जाने, घटना के बाद न्यायिक हिरासत में जेल में बंद निहंगों की रिहाई, एम्स में भर्ती निहंग से मुलाकात आदि मांग शामिल थी।
शुक्रवार को निहंगों का एक दल पुलिस टीम के साथ एम्स पहुंचा। उसके बाद यहां भर्ती निहंग से मुलाकात की। निहंगों के प्रतिनिधिमंडल ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो पोस्ट की। जिसमें उपचार पर संतोष जताया गया।
मामले में फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न देने और सभी संगत से शांति की अपील की गई। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि एक दल एम्स में भर्ती निहंग से मिलने आया था। भर्ती निहंग की हालत अब ठीक है।
कर्णप्रयाग विवाद
16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग में वाहन पार्किंग के विवाद में चार निहंगों ने स्थानीय लोगों पर तलवारों से हमला कर दिया था, जिसमें चार लोग घायल हुए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर चारों निहंगों को गिरफ्तार कर लिया था।
इस कार्रवाई के विरोध में कुछ अन्य निहंगों ने रुद्रप्रयाग जनपद के नगरासू गुरुद्वारे की छत पर कब्जा कर हंगामा किया था।
आखिरकार, पुलिस-प्रशासन और सिख प्रतिनिधियों के बीच हुई कई दौर की वार्ता के बाद 23 जून को मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाल लिया गया।
जिसके बाद निहंग शांत होकर पंजाब के लिए रवाना हो गए थे। आज शनिवार को चारों निहंगों को कोर्ट से जमानत मिल गई।
यह भी पढ़ें- कर्णप्रयाग विवाद: चारों निहंगों को मिली जमानत, पंजाब के जत्थों ने वापस ली बैरियर तोड़ने की चेतावनी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड सरकार की निहंगों से वार्ता की नई रणनीति, सुलह के लिए उतारे सिख व पंजाबी IPS अधिकारी
