आयुष-यूजी काउंसलिंग: नीट के स्कोर कार्ड में 100 नबंरों का हेरफेर, क्यूआर कोड ने पकड़ा फर्जीवाड़ा
आयुष-यूजी काउंसलिंग में एक अभ्यर्थी के नीट स्कोर कार्ड में 100 अंकों की हेराफेरी का मामला सामने आया है, जहां 315 अंक वाले कार्ड को स्कैन करने पर 215 अंक मिले। विश्वविद्यालय ने एक ही आवेदन संख्या पर दो अलग-अलग रिकॉर्ड मिलने के बाद अभ्यर्थी के पिता के खिलाफ डोईवाला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। आयुष-यूजी काउंसलिंग में नीट के स्कोर कार्ड में 100 अंक बढ़ाकर बीएएमएस में दाखिला लेने का मामला सामने आया है। अभ्यर्थी के पिता 315 अंक का स्कोर कार्ड लेकर पहुंचे थे, लेकिन आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने जब उस पर बना क्यूआर कोड स्कैन किया तो उसमें 215 अंक दर्ज मिले।
विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड की जांच में एक ही आवेदन संख्या पर दो अलग-अलग आवेदन प्रपत्र भी मिले। इनमें अंकों के साथ आल इंडिया रैंक में भी चार लाख का अंतर था। विश्वविद्यालय ने इस मामले में अभ्यर्थी के पिता के खिलाफ डोईवाला थाने में तहरीर दी है।
मामला आयुष-यूजी मापअप राउंड की काउंसलिंग का है। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी अनुराग खरे अपनी बेटी आस्था खरे की काउंसलिंग के लिए पहुंचे थे।
विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में बेटी के 215 अंक दर्ज होने पर उन्होंने आपत्ति जताई। उनका दावा था कि बेटी ने नीट में 315 अंक हासिल किए हैं। इसके समर्थन में उन्होंने 315 अंक वाला स्कोर कार्ड भी प्रस्तुत किया। इससे एक दिन पहले उन्होंने विश्वविद्यालय को ई-मेल भेजकर भी अंकों में गड़बड़ी की शिकायत की थी।
एक आवेदन संख्या पर दो रिकॉर्ड
315 अंक वाले स्कोर कार्ड पर संदेह होने पर कर्मचारियों ने उसका क्यूआर कोड स्कैन किया। इसमें 215 अंक प्रदर्शित हुए। इसके बाद विश्वविद्यालय ने अपने रिकॉर्ड की जांच की तो एक ही आवेदन संख्या पर दो अलग-अलग आवेदन प्रपत्र मिले।
दोनों में 19 नवंबर को सुबह 8:53 बजे च्वाइस लाक की गई थी। दोनों में दो-दो हजार रुपये शुल्क जमा होने का विवरण भी समान था। हालांकि, एक आवेदन में 215 और दूसरे में 315 अंक दर्ज थे।
दोनों रिकॉर्ड में ऑल इंडिया रैंक का अंतर भी चौंकाने वाला था। 215 अंक वाले आवेदन में रैंक 9,81,113 थी, जबकि 315 अंक वाले आवेदन में 5,81,113 दर्ज थी। दोनों की पर्सेंटाइल भी अलग-अलग थी।
मेरिट सूची में भी 215 अंक दर्ज
विश्वविद्यालय की ओर से 21 नवंबर को जारी अनंतिम मेरिट सूची में भी अभ्यर्थी के 215 अंक और 9,81,113 रैंक ही दर्ज थी। काउंसलिंग के दौरान प्रस्तुत 315 अंक वाले स्कोर कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन करने पर भी 215 अंक की पुष्टि हुई। मामला काउंसलिंग बोर्ड के सामने रखा गया।
बोर्ड ने दस्तावेजों को संदिग्ध और कूटरचित मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पांडेय ने डोईवाला थाने में तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, नीट का डाटा उसे हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय से प्राप्त होता है। अब पुलिस जांच में यह पता लगाया जाएगा कि 315 अंक वाला स्कोर कार्ड कहां से तैयार हुआ और एक ही आवेदन संख्या पर अलग-अलग अंक और रैंक वाले दो रिकॉर्ड कैसे सामने आए।
एमबीबीएस दाखिले में भी पकड़ा गया था फर्जी प्रमाणपत्रों का खेल
उत्तराखंड में एमबीबीएस दाखिले की काउंसलिंग के दौरान भी फर्जी दस्तावेजों का मामला सामने आ चुका है। स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटा के तहत दाखिला लेने वाले चार अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में गड़बड़ी मिली थी।
फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद चिकित्सा शिक्षा विवि ने राज्य कोटा के तहत दाखिला लेने वाले सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच कराई। जिसमें कई अभ्यर्थियों के जाति व आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र फर्जी मिले। विवि स्तर पर ऐसे 20 अभ्यर्थियों के दाखिले रद किए गए थे। इस प्रकरण के बाद आयुष-यूजी काउंसलिंग में भी खास सतर्कता बरती जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।