एमबीबीएस दाखिला फर्जीवाड़ा: फर्जी दस्तावेजों से बेटियों का कराया दाखिला, तीन गिरफ्तार
एसआईटी ने एमबीबीएस दाखिला फर्जीवाड़े में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपनी ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाण पत्र समेत अन्य फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिले कराने के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
दो आरोपित प्रवीण और जगपाल ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर अपनी बेटियों का दाखिला एमबीबीएस में कराया था। वहीं, एक आरोपित रामपाल ने अपनी बेटी को नीट की काउंसलिंग में शामिल कराया था। प्रकरण में अब तक एसआईटी आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाने और एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के मामले में 13 सितंबर को रायपुर और क्लमेनटाउन थाने में मुकदमे दर्ज हुए थे। एसआईटी ने प्रकरण से जुड़े सभी दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच की।
इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में अंकित पते भी गलत पाए गए, जिसपर एसआईटी ने संबंधित शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर सभी दस्तावेजों को कब्जे में लिया। अब साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने बच्चों का दाखिला दिलाने वाले प्रवीण कुमार निवासी बुढाना, जिला मुजफ्फरनगर, जगपाल सिंह निवासी लक्सर, हरिद्वार और रामपाल सिंह निवासी कीरतपुर, बिजनौर को गिरफ्तार किया। इन तीनों ने अपनी बेटियों का दाखिला कराया था।
पूछताछ में आरोपित प्रवीण कुमार व जगपाल सिंह ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपित रूपेश मेरठ में मिकोडो पाठशाला नाम से एक कंपनी संचालित कर रहा था और एमबीबीएस, बीटेक, में एडमिशन दिलवाने का काम करता था।
आरोपित प्रवीण ने रूपेश पंडित से संपर्क कर अपनी बेटी खुशी के एमबीबीएस में दाखिले के लिए फर्जी दस्तावेज, आधार कार्ड, डोमिसाइल और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाण पत्र बनवाकर मेडिकल कालेज में दाखिला कराया। वहीं, आरोपित जगपाल ने भी इन सभी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपनी बेटी स्वाति को नीट की काउंसलिंग में शामिल कराया था।
