नवरात्र: मां ब्रह्मचारिणी का किया दर्शन पूजन, मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़
वासंतिक नवरात्र के दूसरे दिन भगवती दुर्गा की नौ शक्तियों के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन पूजन किया गया।
देहरादून, जेएनएन। वासंतिक नवरात्र के दूसरे दिन भगवती दुर्गा की नौ शक्तियों के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन पूजन किया गया। इस दौरान मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। चैत्र नवरात्र के पहले दिन शनिवार को देवी के प्रथम रूप शैलपुत्री का आह्वान किया गया। मंदिरों और घरों में शुभ मुहूर्त में घट स्थापना कर विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। सुबह से शाम तक मां भगवती के जयकारे गूंजते रहे। वहीं भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी।
श्री टपकेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं आगमन शुरू हो गया था। मां दुर्गा का विशेष श्रृंगार किया गया। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना करने के साथ ही मां के भक्तों ने माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि नौ दिन तक माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। वहीं टपकेश्वर महादेव परिसर स्थित माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में घटस्थापना और दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ मा दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मैं पूजूं हर साल नवरात्रे माता के और चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है, आदि भजनों की प्रस्तुति दी। पलटन बाजार स्थित श्री जंगम शिवालय मंदिर में भी घट स्थापना करने के साथ ही नवरात्र का पर्व शुरू हुआ। श्याम सुंदर मंदिर पटेल नगर, श्री राजराजेश्वरी मंदिर डेरा खास में भी महिला संकीर्तन मंडली ने सुंदर भजन प्रस्तुत किए।
प्रेम नगर सिद्धपीठ श्री सनातन धर्म मंदिर में भी पुजारी कृष्ण प्रसाद ने देवी का विधिवत पूजन किया। इस दौरान प्रधान सुभाष माकिन, अवतार किशन कौल, रवि भाटिया, गुलशन माकिन, राजीव पुंज, जगन्नाथ दुआ, मनोज बहल आदि मौजूद रहे।
पवित्र ज्योत के लिए सेवादल रवाना
पृथ्वीनाथ मंदिर में कलश पूजा के बाद शुभ मुर्हूत में घटस्थापना की गई। इस अवसर पर मा दुर्गा की अखंड ज्योत जलाने के साथ हरियाली के प्रतीक जौ बोए गए। शाम के समय सेवादलों ने मतदान करने का संकल्प लिया। इसके बाद सेवादल पवित्र ज्योत लाने के लिए मेहंदीपुर बालाजी के लिए रवाना हुआ। इस दौरान दिगंबर भागवत पुरी, दिगंबर दिनेश पुरी, भारत भूषण, पंडित आशीष उनियाल, नवीन गुप्ता, राजेंद्र आनंद, दिलीप सैनी, विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने जलाई सैकड़ों ज्योत
किशनपुर, कैनाल रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चैत्र नवरात्र के शुभारंभ में माता के भक्तों ने सैकड़ों ज्योत जलाई। वहीं नवरात्र पर्व के लिए मंदिर समिति की ओर से मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। इस दौरान कर्नल एमएस क्षेत्री, विनोद राना, विजय खत्री, उर्मिला ढोंडियाल थापा, जसवंत सिंह रावत, कर्नल आरएस क्षेत्री, रामकुमार चक्रवर्ती, केके चक्रवर्ती आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: हजारों श्रद्धालुओं ने की वरुणावत पर्वत की परिक्रमा, ये है मान्यता
यह भी पढ़ें: आज भी पहचान को मोहताज है तीन पावन नदियों का संगम, जानिए
यह भी पढ़ें: चैत्र नवरात्रः पहले दिन मां शैलपुत्री की स्तुति, इस बार बन रहे मंगलकारी योग