दो नवंबर से शुरू होगा राष्ट्रीय गंगा उत्सव, वर्चुअल तरीके से आयोजित होंगे कई रोचक कार्यक्रम
नमामि गंगे और केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय पहले राष्ट्रीय गंगा उत्सव-2020 का आयोजन करने जा रहा है जो दो नवंबर से चार नवंबर तक चलेगा। वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर होने वाले इस आयोजन में गंगा से जुड़े रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हरिद्वार, जेएनएन। नमामि गंगे और केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय पहले राष्ट्रीय गंगा उत्सव-2020 का आयोजन करने जा रहा है, जो दो नवंबर से चार नवंबर तक चलेगा। वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर होने वाले इस आयोजन में गंगा से जुड़े रोचक कार्यक्रमों के साथ-साथ गंगा फिल्म फेस्टिवल, कहानी जंक्शन, गंगा डायलॉग, मिनी गंगा क्विज और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी नमामि गंगे के वित्त नियंत्रक रोजी अग्रवाल ने दी है। इस आयोजन की जिम्मेदारी केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया संभाल रहे हैं।
राष्ट्रीय गंगा उत्सव-2020 में सतगुरु जग्गी वासुदेव, कैलाश खेर, राजीव खंडेलवाल, पद्मभूषण अनिल जोशी, वावती मिश्रा, आनंद नीलकांतन, कबीर कैफे, नीलेश मिश्र, त्रिचुर बदर्स, राजीव महहोत्रा जैसी शख्सियत को जोड़ा गया है। नमामि गंगे के वित्त नियंत्रक रोजी अग्रवाल के अनुसार इस कार्यक्रम से ट्विटर, फेसबुक और यू-ट्यूब के साथ-साथ www.gangautsav.in के जरिए जुड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस काल में संक्रमण से बचने को सावधानी और कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करना बेहद जरूरी है। इसके अलावा बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलना है।
हम घर पर रह कर भी उत्स्व मना सकते हैं, बस उसका तरीका अलग कर दिया गया है। नमामि गंगे के राज्य प्रमुख उदयराज ने कहा कि राष्ट्रीय गंगा उत्सव-2020 को इस तरह के तैयार किया गया है कि इसमें गंगा में आस्था रखने वाले छोटे से लेकर बड़े तक की रुचि बनी रहे। उनकी उम्र, सोच और विचार को ध्यान में रखते हुए रोचकता से भरपूर बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने नमामि गंगे के तहत जिन प्रोजेक्ट का किया लोकार्पण, उनके बारे में जानें सबकुछ
यह भी पढ़ें: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सैन्य अकादमी में अंडरपास का किया वर्चुअल शिलान्यास